Kareena Kapoor Pregnancy Rumour: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में जिम के बाहर उनका एक वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर अटकलें शुरू हो गई थीं। अब एक्ट्रेस ने खुद इन अफवाहों पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। पैपराजी से बातचीत के दौरान करीना ने मुस्कुराते हुए कहा, “तुम लोग पागल कर देते हो।”
जिम के बाहर वीडियो से शुरू हुई प्रेग्नेंसी की चर्चा
दरअसल, 21 अगस्त को करीना कपूर को जिम से बाहर निकलते हुए स्पॉट किया गया था। इस दौरान उनके पेट का हिस्सा थोड़ा उभरा हुआ नजर आया। वहीं, उनके बॉडीगार्ड छाते से उन्हें ढकते हुए दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने इसे करीना की प्रेग्नेंसी से जोड़ना शुरू कर दिया।
कुछ ही समय में यह चर्चा तेज हो गई कि क्या करीना और सैफ अली खान तीसरे बच्चे के माता-पिता बनने वाले हैं। हालांकि, इस तरह की अटकलों की कोई पुष्टि नहीं हुई थी।
पैपराजी ने मांगी माफी तो करीना ने दिया मजेदार जवाब
अगले दिन करीना कपूर जब शहर में नजर आईं तो पैपराजी ने उनसे उस वीडियो को लेकर माफी मांगी, जिसकी वजह से प्रेग्नेंसी की अफवाहें फैल गई थीं। करीना ने इस पर नाराजगी जताने के बजाय मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी।
कार में बैठने से पहले एक्ट्रेस ने पैपराजी से कहा, “तुम लोग पागल कर देते हो।” उनका यह रिएक्शन अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
करीना ने भी मजेदार अंदाज में अफवाह उड़ाई
करीना ने सोशल मीडिया के जरिए भी प्रेग्नेंसी की अफवाहों को मजाक में लिया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक ऐसे व्यक्ति की तस्वीर शेयर की, जिसका पेट उभरा हुआ नजर आ रहा था। बैकग्राउंड में फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ का गाना ‘चॉकलेट, लाइम जूस’ सुनाई दे रहा था।
करीना ने इसके साथ हंसने और पिज्जा वाले इमोजी भी लगाए। उनके इस पोस्ट को देखकर माना गया कि वह वायरल वीडियो में पेट के उभरे हुए दिखने को लेकर चल रही चर्चाओं का मजाकिया जवाब दे रही थीं।
सबा पटौदी ने भी अफवाहों पर दी थी सफाई
करीना की ननद और ज्वेलरी डिजाइनर सबा पटौदी भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर करीना की प्रेग्नेंसी की खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि कभी-कभी खराब एंगल या हेयरस्टाइल की वजह से तस्वीर अलग नजर आ सकती है।
सबा ने यह भी मजाक में कहा था कि वह करीना को दूसरा बच्चा करने के लिए मनाती रहती हैं और काश यह अफवाह सच होती। हालांकि, उन्होंने साफ तौर पर लोगों से किसी की निजी जिंदगी को लेकर अटकलें न लगाने और उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की।
सैफ और करीना के हैं दो बेटे
करीना कपूर ने कई साल तक डेटिंग करने के बाद अक्टूबर 2012 में अभिनेता सैफ अली खान से शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं- तैमूर अली खान और जहांगीर अली खान।
करीना कई मौकों पर अपने बच्चों को लेकर बात कर चुकी हैं। उन्होंने बताया है कि फिलहाल उनके दोनों बच्चों की एक्टिंग में खास दिलचस्पी नहीं है और वे स्पोर्ट्स की तरफ ज्यादा आकर्षित हैं।
‘दायरा’ में नजर आएंगी करीना कपूर
वर्कफ्रंट की बात करें तो करीना कपूर जल्द ही निर्देशक मेघना गुलजार की फिल्म ‘दायरा’ में दिखाई देंगी। फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिका में हैं।
‘दायरा’ को सच्ची घटनाओं से प्रेरित इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा बताया जा रहा है। फिल्म अपराध, न्याय और सजा के बीच के जटिल रिश्तों के साथ-साथ किसी चौंकाने वाली घटना पर समाज और लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाओं को भी दिखाएगी। फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


