नई दिल्ली: वेदांता (Vedanta) के चेयरमैन अनिल अग्रवाल एक बार फिर अपने पारिवारिक मूल्यों और प्रेरणादायक संदेश को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह बनी उनकी बेटी प्रिया अग्रवाल हेब्बर की एक सोशल मीडिया पोस्ट। प्रिया ने अपनी जिंदगी, विरासत और समाज के प्रति जिम्मेदारी को लेकर भावुक विचार साझा किए, जिस पर अनिल अग्रवाल ने गर्व जताते हुए एक भावनात्मक संदेश लिखा।
बेटी की सोच पर गर्व, अनिल अग्रवाल ने कही दिल छू लेने वाली बात
अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रिया की पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा कि किसी भी परिवार की सबसे बड़ी विरासत धन-संपत्ति नहीं, बल्कि सही सोच और संस्कार होते हैं।
उन्होंने लिखा,
“सोशल मीडिया पर तुम्हारी पोस्ट देखकर मुझे बहुत खुशी हुई। सबसे बड़ी विरासत धन-संपत्ति नहीं होती, बल्कि सोच और संस्कार होते हैं। तुमने वह बात समझ ली है, जिसे समझने में कई लोगों की पूरी जिंदगी लग जाती है कि सुख-सुविधाओं का मिलना कोई उपलब्धि नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें सबसे अधिक खुशी इस बात की है कि उनकी बेटी एक ऐसी लीडर बन रही है जिसमें विनम्रता, दूसरों के प्रति सम्मान और समाज को कुछ लौटाने की सच्ची भावना है। उन्होंने अंत में लिखा, “मुझे तुम पर बहुत गर्व है।”
प्रिया अग्रवाल ने क्या लिखा था?
प्रिया अग्रवाल हेब्बर ने अपनी पोस्ट में स्वीकार किया कि उन्हें बचपन से कई ऐसे अवसर और सुविधाएं मिलीं, जो अधिकांश लोगों को कभी नहीं मिल पातीं।
उन्होंने लिखा कि ये सुविधाएं उन्होंने खुद अर्जित नहीं कीं, बल्कि उन्हें विरासत में मिली हैं। इसलिए उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वे इन अवसरों का उपयोग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए करें।
प्रिया ने यह भी लिखा कि उनके पिता अनिल अग्रवाल उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। वे हमेशा कुछ नया और बड़ा करने के लिए प्रेरित करते हैं। हालांकि, इतनी बड़ी विरासत के कारण कभी-कभी उन पर एक अनकहा दबाव भी महसूस होता है।
उन्होंने हल्के अंदाज में यह भी बताया कि उनके पति आकर्ष हेब्बर अक्सर शिकायत करते हैं कि वह अपनी उपलब्धियों का जश्न मनाना ही भूल जाती हैं।
लोगों को दिया खास संदेश
अपनी पोस्ट के अंत में प्रिया ने सफलता और जिम्मेदारी को लेकर एक प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की शुरुआत कहां से हुई, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि उसे मिले अवसरों का उसने किस तरह उपयोग किया।
उनके अनुसार, यदि किसी को जीवन में दूसरों की तुलना में अधिक अवसर मिले हैं, तो उसकी जिम्मेदारी भी उतनी ही अधिक हो जाती है। असली सफलता वही है जो समाज के लिए सकारात्मक विरासत छोड़ जाए।
कौन हैं प्रिया अग्रवाल हेब्बर?
प्रिया अग्रवाल हेब्बर वेदांता लिमिटेड में डायरेक्टर हैं। कॉर्पोरेट जिम्मेदारियों के अलावा वे पर्यावरण संरक्षण और पशु कल्याण के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।
वह पशु संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं YODA (Youth Organization in Defence of Animals) और TACO (The Animal Care Organization) की संस्थापक हैं। उनके सामाजिक योगदान को देखते हुए उन्हें वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2024 Young Global Leaders की सूची में कॉर्पोरेट जगत से चुने गए चार भारतीयों में शामिल किया गया था।


