नई दिल्ली: वियतनाम की इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा कंपनी Green SM ने भारत में अपने विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर को अपना पहला ऑपरेशनल बेस बनाने का फैसला किया है। इसके तहत गुरुग्राम और नोएडा में बड़े कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। इस काम के लिए कंपनी ने वर्कस्पेस समाधान देने वाली कंपनी Urban Vault के साथ साझेदारी की है।
गुरुग्राम में बनेगा 400+ सीटों वाला ऑपरेशन हब
ग्रीन एसएम का पहला भारतीय कार्यालय गुरुग्राम के सेक्टर-54 स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर पारस ट्विन टावर्स में तैयार किया गया है। करीब 16,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैले इस कार्यालय में 400 से अधिक सीटों की व्यवस्था होगी। इसके बाद कंपनी नोएडा सेक्टर-62 में लगभग 300 सीटों वाला दूसरा कार्यालय शुरू करेगी।
कंपनी की योजना आगे चलकर मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु समेत अन्य प्रमुख शहरों में भी अपने कार्यालय खोलने की है।
भारत Green SM के लिए अहम बाजार
Green SM India के सीईओ बाच तुआन अन्ह ने कहा कि भारत कंपनी के लिए सबसे महत्वपूर्ण विकासशील बाजारों में से एक है। दिल्ली-एनसीआर में संचालन शुरू होने के बाद कंपनी देशभर में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि तेजी से विस्तार के लिए एक मजबूत और भरोसेमंद वर्कस्पेस पार्टनर जरूरी था, इसलिए Urban Vault को चुना गया।
NCR बन रहा ग्लोबल कंपनियों का पसंदीदा केंद्र
Urban Vault के को-फाउंडर और सीईओ अमल मिश्रा के अनुसार, गुरुग्राम और नोएडा इस समय वैश्विक कंपनियों के लिए सबसे आकर्षक कारोबारी केंद्र बनकर उभर रहे हैं। यहां आधुनिक, स्केलेबल और फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिसे Urban Vault पूरा कर रहा है।
5 जून को शुरू हुई Green SM Limo सेवा
ग्रीन एसएम ने विश्व पर्यावरण दिवस यानी 5 जून 2026 को दिल्ली-एनसीआर में अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक कैब सेवा Green SM Limo लॉन्च की थी। इससे पहले कंपनी वियतनाम, लाओस, इंडोनेशिया और फिलीपींस में सफलतापूर्वक संचालन कर रही है। भारत कंपनी का पांचवां अंतरराष्ट्रीय बाजार बना है।
कंपनी ने अपने बेड़े में VinFast की लोकप्रिय 7-सीटर इलेक्ट्रिक एमपीवी Limo Green को शामिल किया है। Green SM का दावा है कि भारतीय ग्राहकों को अब विश्वस्तरीय प्रीमियम इलेक्ट्रिक टैक्सी अनुभव मिलेगा।


