भारत ने एक तरफ जहां चीनी के निर्यात (Sugar Export) पर सख्त रोक लगा रखी है, वहीं दूसरी तरफ अमेरिका को 8,606 टन रॉ शुगर एक्सपोर्ट की मंजूरी दे दी है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर अमेरिका को ही यह छूट क्यों मिली? क्या इसके पीछे सिर्फ व्यापारिक समझौता है या फिर कोई बड़ी कूटनीतिक रणनीति भी काम कर रही है?
दरअसल, भारत सरकार ने टैरिफ रेट कोटा (TRQ) स्कीम के तहत अमेरिका को सीमित मात्रा में कच्ची चीनी निर्यात की अनुमति दी है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भारत दौरे पर हैं। इससे इस फैसले को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
DGFT ने जारी किया नोटिफिकेशन
विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने जारी अधिसूचना में कहा कि 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक अमेरिका को 8,606 MTRV (Metric Ton Raw Value) रॉ शुगर निर्यात की अनुमति दी गई है। यह मंजूरी TRQ व्यवस्था के तहत दी गई है। यह सामान्य निर्यात नहीं है। भारत ने फिलहाल चीनी को “निषिद्ध” (Prohibited) श्रेणी में डाल रखा है, यानी सामान्य परिस्थितियों में इसका एक्सपोर्ट नहीं किया जा सकता।
आखिर TRQ स्कीम क्या होती है?
टैरिफ रेट कोटा यानी TRQ एक ऐसी व्यापारिक व्यवस्था है जिसमें किसी देश को सीमित मात्रा में सामान कम या शून्य कस्टम ड्यूटी पर निर्यात करने की अनुमति मिलती है। अमेरिका और यूरोपीय संघ लंबे समय से भारत को इस तरह की कोटा-आधारित व्यापारिक सुविधा देते रहे हैं। यानी भारत अमेरिका को तय सीमा तक चीनी भेज सकता है और उस पर भारी आयात शुल्क नहीं लगेगा। इसी कारण सरकार ने पूरी तरह बैन होने के बावजूद इस विशेष कोटे के तहत निर्यात की अनुमति दी।
भारत ने चीनी निर्यात पर रोक क्यों लगाई?
सरकार ने 13 मई को जारी अधिसूचना में चीनी निर्यात नीति को बदलते हुए इसे “प्रतिबंधित” श्रेणी से “निषिद्ध” श्रेणी में डाल दिया था। यह रोक 30 सितंबर 2026 तक लागू रहेगी या अगले आदेश तक जारी रह सकती है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बनाए रखना और कीमतों को नियंत्रित करना है।
पिछले कुछ महीनों में खाद्य महंगाई को लेकर सरकार पहले से दबाव में है। ऐसे में अगर बड़े पैमाने पर चीनी का निर्यात जारी रहता तो घरेलू कीमतों में तेजी आ सकती थी। इसका असर मिठाई उद्योग, कोल्ड ड्रिंक कंपनियों और आम उपभोक्ताओं तक पर पड़ता।
क्या अमेरिका को राहत देना रणनीतिक फैसला है?
विशेषज्ञ मानते हैं कि यह सिर्फ व्यापारिक नहीं बल्कि रणनीतिक फैसला भी हो सकता है। भारत और अमेरिका के बीच इस समय कई अहम व्यापारिक और रक्षा समझौतों पर बातचीत चल रही है। ऐसे में TRQ के तहत चीनी निर्यात की अनुमति देना द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने वाला संकेत माना जा रहा है। हालांकि सरकार की ओर से इसे पूरी तरह व्यापारिक व्यवस्था बताया गया है, लेकिन टाइमिंग ने इस फैसले को खास बना दिया है।
किन मामलों में लागू नहीं है यह बैन?
सरकार ने कुछ खास श्रेणियों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा है। इनमें शामिल हैं:
- अमेरिका और यूरोपीय संघ को TRQ व्यवस्था के तहत निर्यात
- CXL व्यवस्था के तहत निर्यात
- एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम
- सरकार-से-सरकार (G2G) एक्सपोर्ट
- पहले से पाइपलाइन में मौजूद निर्यात ऑर्डर
यानी पूरी तरह निर्यात बंद नहीं हुआ है, बल्कि इसे नियंत्रित तरीके से सीमित किया गया है।
पहले कितना चीनी निर्यात मंजूर हुआ था?
2025-26 शुगर मार्केटिंग सीजन के लिए खाद्य मंत्रालय ने शुरुआत में 15 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति दी थी। बाद में 5 लाख टन का अतिरिक्त कोटा भी खोला गया। हालांकि अतिरिक्त कोटे में सिर्फ 87,587 टन चीनी निर्यात को मंजूरी मिल सकी। कुल मिलाकर करीब 16 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति दी गई। सरकार और उद्योग संगठनों का अनुमान था कि पूरे मार्केटिंग सीजन में 7.5 से 8 लाख टन तक वास्तविक निर्यात हो सकता है।
भारत में चीनी उत्पादन कितना बढ़ा?
उद्योग संगठन ISMA के मुताबिक, अप्रैल 2026 तक भारत का चीनी उत्पादन 7.32 फीसदी बढ़कर 2.75 करोड़ टन पहुंच गया। महाराष्ट्र और कर्नाटक में बेहतर उत्पादन इसकी बड़ी वजह रहे। उत्पादन बढ़ने के बावजूद सरकार निर्यात को लेकर सावधानी बरत रही है। इसकी वजह यह है कि सरकार खाद्य महंगाई को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।
आम लोगों पर क्या असर पड़ेगा?
सरकार के इस फैसले का सबसे बड़ा असर घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों पर पड़ सकता है। निर्यात सीमित रहने से देश में सप्लाई बेहतर बनी रह सकती है, जिससे कीमतों में तेज उछाल की संभावना कम होगी। इसका फायदा आम उपभोक्ताओं, मिठाई कारोबार, पेय पदार्थ कंपनियों, खाद्य उद्योग को मिल सकता है। हालांकि चीनी मिलों को निर्यात कम होने से अंतरराष्ट्रीय कीमतों का पूरा फायदा नहीं मिल पाएगा।
भारत के इस कदम का बड़ा संदेश
भारत ने साफ संकेत दिया है कि फिलहाल उसकी प्राथमिकता घरेलू बाजार और महंगाई नियंत्रण है। लेकिन साथ ही वह अमेरिका जैसे रणनीतिक व्यापारिक साझेदारों के साथ समझौतों और कोटा-आधारित निर्यात प्रतिबद्धताओं को भी निभाना चाहता है। यानी भारत की नीति इस समय “Selective Export Strategy” पर आधारित दिखाई दे रही है — जहां घरेलू जरूरत पहले और नियंत्रित वैश्विक व्यापार बाद में रखा गया है।
Also Read:


