Vijay Mallya Dhanteras Post: भगोड़े कारोबारी विजय माल्या ने धनतेरस के मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। लेकिन उनकी इस पोस्ट पर यूजर्स ने बधाई देने के बजाय उन्हें करीब 9,000 करोड़ रुपये के बैंक कर्ज की याद दिलानी शुरू कर दी। किसी ने SBI का जिक्र किया तो किसी ने मजाकिया अंदाज में उन्हें ‘लोन पापड़ी’ की याद दिला दी। देखते ही देखते उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
विजय माल्या की धनतेरस पोस्ट पर मचा बवाल

लंदन में रह रहे विजय माल्या ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर धनतेरस की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, ‘सभी को धनतेरस की हार्दिक शुभकामनाएं।’
माल्या की इस पोस्ट के सामने आते ही यूजर्स ने कमेंट्स की बौछार कर दी। लोगों ने उनके पुराने बैंक कर्ज का जिक्र करते हुए ऐसे-ऐसे तंज कसे कि पोस्ट चर्चा का विषय बन गई।
शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे तक उनकी पोस्ट को लगभग 4.29 लाख बार देखा जा चुका था। इसे 9 हजार से अधिक लाइक्स मिले थे, जबकि 800 से ज्यादा बार रीपोस्ट किया गया था। करीब एक हजार यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी।
‘कुछ धन तो छोड़ जाते विजय भाई’
माल्या की पोस्ट पर Rofl Gandhi 2.0 नाम के यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘कुछ धन छोड़कर तो जाते यहां विजय भाई।’

वहीं, nilesh dewda ने लिखा, ‘हैप्पी धनतेरस सर। आप कब आ रहे हो भारत? आपके बिना SBI वाले धनतेरस नहीं मना पा रहे हैं।’
Sorav Panwar ने भी SBI का जिक्र करते हुए लिखा कि बैंक वाले उनसे अपना धन मांग रहे हैं। इन कमेंट्स के जरिए यूजर्स ने माल्या को पुराने कर्ज की याद दिलाई।
एक अन्य यूजर VishalUnfiltered ने मिठाई का जिक्र करते हुए लिखा, ‘आपकी फेवरेट मिठाई तो लोन पापड़ी, मेरा मतलब है कि सोन पापड़ी होगी ना?’
बैंकों के दिवाली बोनस पर भी कसा तंज

विजय माल्या की पोस्ट पर एक यूजर PM ने लिखा कि सर, आपको समृद्धि की शुभकामनाएं। बैंक अभी भी अपने दिवाली बोनस का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं, nitin chaddar ने टिप्पणी की कि धनतेरस की असली बधाई तो उन बैंकों को देनी चाहिए, जो आज भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि माल्या वापस आएंगे।
सोशल मीडिया पर इन प्रतिक्रियाओं के जरिए यूजर्स ने एक बार फिर किंगफिशर एयरलाइंस और बैंक कर्ज से जुड़े पुराने विवाद को चर्चा में ला दिया।
करीब 9,000 करोड़ रुपये के बैंक कर्ज का मामला

विजय माल्या कभी देश के चर्चित उद्योगपतियों में शामिल थे। उन्हें ‘किंग ऑफ गुड टाइम्स’ के नाम से भी जाना जाता था। उनकी कंपनी किंगफिशर एयरलाइंस ने एक समय भारतीय एविएशन सेक्टर में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
हालांकि, कंपनी पर बढ़ते कर्ज और वित्तीय संकट के कारण उसका परिचालन बंद हो गया। इसके बाद विजय माल्या पर विभिन्न बैंकों से करीब 9,000 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर उसे नहीं चुकाने और धोखाधड़ी व मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोप लगे।
मार्च 2016 में भारत छोड़कर ब्रिटेन चले जाने के बाद से वह वहीं रह रहे हैं। उनके खिलाफ भारत में कानूनी कार्रवाई जारी है।
भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किए गए विजय माल्या

विजय माल्या को भारत में भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया जा चुका है। कर्ज की वसूली के लिए जांच एजेंसियों ने उनकी कई संपत्तियां जब्त कीं और उनकी नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू की।
इस मामले में कई भारतीय बैंक शामिल रहे हैं, जिन्होंने माल्या की कंपनियों और उनसे जुड़ी संपत्तियों के जरिए बकाया रकम वसूलने की कोशिश की।
ED ने 14,131 करोड़ रुपये की संपत्ति का किया जिक्र
विजय माल्या के मामले में हालिया कानूनी घटनाक्रम भी चर्चा में रहा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बॉम्बे हाईकोर्ट में बताया है कि बैंकों को माल्या की 14,131.60 करोड़ रुपये की संपत्तियां मिल चुकी हैं।
हालांकि, ED का कहना है कि संपत्तियों की इस वसूली से उनके खिलाफ चल रहा मनी लॉन्ड्रिंग का मामला अपने आप समाप्त नहीं हो जाता।
गौरतलब है कि माल्या ने वर्ष 2020 में याचिका दायर कर अपने खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों को बंद करने की मांग की थी। उनका तर्क था कि बैंक अपना कर्ज वसूल चुके हैं।
फिलहाल, धनतेरस पर दी गई उनकी एक साधारण शुभकामना ने पुराने बैंक कर्ज और कानूनी विवाद को एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया है।


