Train 1AC Decoration: नंदीग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कूपे को ‘सुहागरात’ की तरह सजाने का मामला अब रेलवे के लिए बड़ा सुरक्षा मुद्दा बन गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने संबंधित टिकट चेकर (TT) को निलंबित कर दिया है और पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
नंदीग्राम एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 11002) के फर्स्ट एसी कूपे में नवविवाहित जोड़े के लिए कराए गए विशेष डेकोरेशन के मामले में रेलवे ने सख्त कार्रवाई की है। रेल मंत्रालय ने बताया कि इस घटना में संबंधित टिकट चेकर (TT) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
मंत्रालय के अनुसार, 6 जुलाई को यात्रा कर रहे एक नवविवाहित जोड़े ने अपने फर्स्ट एसी कूपे को सजाने के लिए निजी तौर पर एक ऑनलाइन डेकोरेटर को हायर किया था। डेकोरेशन करने वाले लोगों का ट्रेन के कोच में प्रवेश पूरी तरह अनधिकृत था, जिसे रेलवे ने गंभीर सुरक्षा चूक माना है।
कैसे हुआ पूरा मामला?
Hello @AshwiniVaishnaw, does Indian Railways permit passengers to use a First AC coach for a suhagraat? pic.twitter.com/nDUQMkxEyt
— Dr Nimo Yadav 2.0 (@DrNimoYadav) July 8, 2026 जानकारी के मुताबिक, जब नंदीग्राम एक्सप्रेस महाराष्ट्र के जालना स्टेशन पर रुकी हुई थी, तब प्राइवेट डेकोरेटर बिना रेलवे की आधिकारिक अनुमति के फर्स्ट एसी कोच में पहुंच गए। उन्होंने पूरे कूपे को फूलों, गुब्बारों और सजावटी लाइटों से इस तरह सजाया कि वह किसी हनीमून सुइट या सुहागरात के कमरे जैसा दिखाई देने लगा।
डेकोरेशन के दौरान केबिन की दीवार पर “I Love You” भी लिखा गया था। नवविवाहित जोड़े ने अपने सफर को यादगार बनाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था कराई थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सजे हुए फर्स्ट एसी कूपे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने इसे रोमांटिक और क्रिएटिव आइडिया बताया, जबकि बड़ी संख्या में यूजर्स ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों पर सवाल उठाए।
लोगों का कहना था कि बिना अनुमति बाहरी व्यक्तियों का ट्रेन में प्रवेश सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है। साथ ही गुब्बारों, सजावटी सामग्री और बिजली की लाइटों के इस्तेमाल से आग लगने जैसी दुर्घटना का भी खतरा पैदा हो सकता था।
रेलवे ने क्या कहा?
रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि:
- डेकोरेटर का ट्रेन के कोच में प्रवेश पूरी तरह अनधिकृत था।
- मामले को गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना गया है।
- संबंधित टिकट चेकर (TT) को निलंबित कर दिया गया है।
- विस्तृत विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
- जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।


