यूरोप की अल्ट्रा लो-कॉस्ट एयरलाइन रयानएयर (Ryanair) की एक उड़ान में बेहद डरावना हादसा सामने आया। ग्रीस से जर्मनी जा रहे बोइंग 737 विमान ने उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का सामना किया, जब विमान की एक खिड़की अचानक टूट गई। तेज हवा के दबाव की वजह से खिड़की के पास बैठे एक यात्री का आधा शरीर विमान के बाहर निकल गया। हालांकि, अन्य यात्रियों की सूझबूझ और पायलट की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
उड़ान के दौरान मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, विमान ने जैसे ही उड़ान भरी, इंजन के एक हिस्से के टूटकर खिड़की से टकराने की वजह से खिड़की चकनाचूर हो गई। इसके बाद केबिन का एयर प्रेशर तेजी से गिरा और खिड़की के पास बैठे सर्बिया के एक यात्री का शरीर बाहर की ओर खिंचने लगा।
विमान में मौजूद अन्य यात्रियों ने तुरंत उसे पकड़कर अंदर खींच लिया। इस दौरान विमान में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद पायलट ने इमरजेंसी घोषित कर विमान को सुरक्षित वापस ग्रीस के एयरपोर्ट पर उतार दिया।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
🚨✈️Emergencia en vuelo de Ryanair: pasajero casi sale volando desde la ventanilla de un avión
😰Un hombre estuvo a punto de ser succionado fuera de un avión durante un vuelo que despegó de la ciudad griega de Tesalónica, antes de ser sujetado por otros pasajeros, informaron el… pic.twitter.com/BLfrCo9GDL
— EL TIEMPO (@ELTIEMPO) July 10, 2026 घटना के बाद घायल यात्री को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत स्थिर है और उसकी जान को कोई खतरा नहीं है। समय रहते यात्रियों और क्रू की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया।
हादसे की वजह क्या थी?
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उड़ान भरने के तुरंत बाद इंजन का एक हिस्सा टूटकर विमान की खिड़की से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि खिड़की टूट गई और केबिन का दबाव अचानक कम हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो में इंजन के ब्लेड क्षतिग्रस्त दिखाई देने का दावा भी किया गया है।
हालांकि, इस हादसे की आधिकारिक जांच जारी है और अंतिम कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पहले भी आई थी तकनीकी खराबी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यही विमान एक दिन पहले भी तकनीकी समस्या के कारण अपनी उड़ान पूरी नहीं कर पाया था और उसे बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा था। संबंधित विमान बोइंग 737 NG मॉडल का बताया जा रहा है, जो लंबे समय से सेवा में है।
रयानएयर क्यों रहती है चर्चा में?
रयानएयर यूरोप की सबसे बड़ी और सबसे सस्ती एयरलाइंस में गिनी जाती है। यह अल्ट्रा लो-कॉस्ट बिजनेस मॉडल पर काम करती है, जिसमें बेस टिकट बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराया जाता है, जबकि सीट चयन, चेक-इन, अतिरिक्त सामान और अन्य सुविधाओं के लिए अलग से शुल्क लिया जाता है।
करीब 1,200 किलोमीटर की दूरी वाली उड़ानों के लिए कंपनी का किराया सामान्य तौर पर 10 से 30 यूरो (लगभग 1,100 से 3,300 रुपये) के बीच हो सकता है। हालांकि, किराया समय, मांग और सीट उपलब्धता के आधार पर बदलता रहता है।


