नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दो कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद सोमवार को जोरदार रिकवरी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बाजार खुलते ही सोने में करीब ₹800 प्रति 10 ग्राम और चांदी में लगभग ₹4,000 प्रति किलोग्राम तक की तेजी दर्ज की गई। इससे सर्राफा बाजार में एक बार फिर खरीदारी का माहौल बन गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं में मजबूती देखने को मिली, जिससे घरेलू बाजार को समर्थन मिला। विशेषज्ञों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से सोने-चांदी को सहारा मिला है। हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति अभी भी बाजार की दिशा तय करने वाला बड़ा कारक बनी हुई है।
MCX पर क्या रहा सोने और चांदी का भाव?
सोमवार सुबह एमसीएक्स पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना शुरुआती कारोबार में तेजी के साथ खुला। सुबह 9:40 बजे तक यह 522 रुपये की बढ़त के साथ ₹1,47,725 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के शुरुआती मिनटों में इसमें करीब ₹800 तक की तेजी देखी गई।
वहीं जुलाई डिलीवरी वाली चांदी में भी जोरदार उछाल आया। सुबह 9:40 बजे तक चांदी ₹1,914 की बढ़त के साथ ₹2,35,099 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। शुरुआती कारोबार में इसकी कीमत लगभग ₹4,000 प्रति किलो तक बढ़ गई थी।
आज आपके शहर में सोने का रेट
| शहर | 24 कैरेट | 22 कैरेट | 18 कैरेट |
|---|---|---|---|
| दिल्ली | ₹1,46,660 | ₹1,34,450 | ₹1,10,030 |
| मुंबई | ₹1,46,510 | ₹1,34,300 | ₹1,09,880 |
| कोलकाता | ₹1,46,510 | ₹1,34,300 | ₹1,09,880 |
| चेन्नई | ₹1,48,360 | ₹1,35,990 | ₹1,13,690 |
| लखनऊ | ₹1,46,660 | ₹1,34,450 | ₹1,10,030 |
| कानपुर | ₹1,46,660 | ₹1,34,450 | ₹1,10,030 |
| पटना | ₹1,46,560 | ₹1,34,350 | ₹1,09,930 |
| जयपुर | ₹1,46,660 | ₹1,34,450 | ₹1,10,030 |
| इंदौर | ₹1,46,560 | ₹1,34,350 | ₹1,09,930 |
| भोपाल | ₹1,46,560 | ₹1,34,350 | ₹1,09,930 |
स्रोत: गुड रिटर्न्स
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बढ़ी चमक
वैश्विक बाजार में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में मजबूती दर्ज की गई। हाजिर सोना 0.9% की बढ़त के साथ 4,197.41 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। शुक्रवार को सोना 11 जून के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन नए सप्ताह की शुरुआत मजबूती के साथ हुई।
चांदी की कीमतों में भी अच्छी तेजी रही और यह 1.8% बढ़कर 66.10 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखाई दी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई यह तेजी घरेलू सर्राफा बाजार के लिए भी सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।
क्यों बढ़ रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया की स्थिति, कच्चे तेल के दाम और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित कर रही है।
कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव महंगाई की दिशा तय करता है। यदि तेल महंगा होता है तो केंद्रीय बैंकों पर ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव बढ़ता है। चूंकि सोना कोई ब्याज या यील्ड नहीं देता, इसलिए ऊंची ब्याज दरों के माहौल में इसकी मांग पर दबाव बन सकता है।
आगे कैसी रह सकती है चाल?
बाजार की नजर अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अगली नीति बैठक और महंगाई से जुड़े आंकड़ों पर है। फेड के 19 नीति निर्माताओं में से 9 को इस साल एक और ब्याज दर बढ़ोतरी की संभावना दिखाई दे रही है। वहीं CME FedWatch Tool के अनुसार दिसंबर तक दर बढ़ने की संभावना 89% तक पहुंच चुकी है।
यदि ब्याज दरों में बढ़ोतरी होती है तो सोने की तेजी सीमित हो सकती है। दूसरी ओर भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने या वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता गहराने पर सोना और चांदी फिर से सुरक्षित निवेश के रूप में मजबूत मांग हासिल कर सकते हैं।


