Trump Investment News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जून 2026 में 1,000 से ज्यादा सिक्योरिटीज में ट्रेड किया। इनमें बर्कशायर हैथवे, वीजा, मास्टरकार्ड, मेटा, कॉइनबेस और होम डिपो जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर शामिल रहे। अमेरिकी सरकार के ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स में दाखिल फाइलिंग के मुताबिक, इन सभी ट्रांजेक्शंस की कुल वैल्यू करीब 7.81 करोड़ डॉलर से 26.31 करोड़ डॉलर के बीच रही। फाइलिंग में हर लेनदेन की सटीक राशि के बजाय तय रेंज दी गई है।
वैनगार्ड ETF में सबसे बड़ा लेनदेन
जून में ट्रंप से जुड़े पोर्टफोलियो का सबसे बड़ा लेनदेन 22 जून को हुआ। इस दिन वैनगार्ड ग्रुप इंक. के एक एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ETF) के 50 लाख डॉलर से 2.5 करोड़ डॉलर तक के शेयर बेचे गए।
इसके अलावा कई प्रमुख कंपनियों के शेयरों में भी खरीद-बिक्री हुई। फाइलिंग के अनुसार, 3 जून को पैलंटिर के 1,001 डॉलर से 15,000 डॉलर तक के शेयर खरीदे गए। इसके बाद 16 जून को 15,001 डॉलर से 50,000 डॉलर और 18 जून को 5 लाख डॉलर से 10 लाख डॉलर तक के शेयर बेचे गए। 23 और 24 जून को भी पैलंटिर में खरीदारी दर्ज की गई।
बर्कशायर हैथवे में खरीदारी, फिर हुई बिक्री
18 जून को बर्कशायर हैथवे के 10 लाख डॉलर से 50 लाख डॉलर तक के शेयर खरीदे गए। इसके बाद 24 जून को कुछ शेयर बेच दिए गए।
इसी तरह मेटा के शेयरों में भी ट्रांजेक्शन हुआ। 18 जून को 10 लाख डॉलर से 50 लाख डॉलर तक के मेटा शेयर बेचे गए, जबकि महीने के अंत में कुछ शेयरों की खरीदारी की गई।
ट्रंप के जून के ट्रेड में कॉइनबेस, वीजा और होम डिपो जैसी कंपनियां भी शामिल रहीं।
2025 में 21 हजार से ज्यादा शेयरों में किया था ट्रेड
ट्रंप का शेयर बाजार में ट्रेडिंग का रिकॉर्ड केवल 2026 तक सीमित नहीं है। साल 2025 में उन्होंने 21,000 से ज्यादा सिक्योरिटीज में ट्रेड किया था। इन लेनदेन की कुल वैल्यू करीब 60 करोड़ डॉलर से 1.86 अरब डॉलर के बीच बताई गई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, कई मौकों पर एक ही दिन एक ही सिक्योरिटी में खरीद और बिक्री दोनों देखने को मिली थी। इससे ट्रंप के निवेश को लेकर लगातार चर्चा होती रही है।
व्हाइट हाउस ने बताया, निवेश फैसले स्वतंत्र मैनेजर लेते हैं
इन निवेशों को लेकर हितों के टकराव के सवाल पर व्हाइट हाउस का कहना है कि ट्रंप के निवेश डिस्क्रेशनरी अकाउंट्स में रखे जाते हैं और इन्हें स्वतंत्र रूप से मैनेज किया जाता है।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता डेविस इंगले के मुताबिक, पोर्टफोलियो में कंप्यूटर-बेस्ड मॉडल का इस्तेमाल किया जाता है, जो Schwab 1000 जैसे इंडेक्स को फॉलो करते हैं। उनका कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति या उनके परिवार का कोई सदस्य यह तय नहीं कर सकता कि पोर्टफोलियो में कौन-सा निवेश किया जाए, कब खरीदारी हो या कब शेयर बेचे जाएं।
व्हाइट हाउस के अनुसार, निवेश से जुड़े फैसले पूरी तरह स्वतंत्र निवेश प्रबंधकों द्वारा लिए जाते हैं। यही वजह है कि प्रशासन इन लेनदेन को हितों के टकराव से अलग बताता है।


