Ather Energy Share Price: एथर एनर्जी के शेयरों में सोमवार, 31 अगस्त को लगातार दूसरे कारोबारी दिन तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान बीएसई पर कंपनी का शेयर करीब 6 फीसदी तक चढ़कर ₹1,704.10 के नए 52-वीक हाई पर पहुंच गया। कंपनी के नए इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘कोणार्क’ (Konarc) की लॉन्चिंग के बाद ब्रोकरेज हाउस का रुख भी शेयर को लेकर सकारात्मक हुआ है।
एथर एनर्जी ने शनिवार को बेंगलुरु में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर कोणार्क लॉन्च किया था। इसकी शुरुआती कीमत ₹99,999 रखी गई है। कंपनी के मुताबिक, नए मॉडल को अलग-अलग ग्राहक जरूरतों और रेंज की मांग को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
कोणार्क में क्या है खास?
एथर के नए कोणार्क स्कूटर का उत्पादन कंपनी की होसुर मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में किया जाएगा। इसकी डिलीवरी सितंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।
Konarc S रेंज में चार वेरिएंट पेश किए गए हैं, जिनकी IDC रेंज क्रमशः 100 किलोमीटर, 125 किलोमीटर, 161 किलोमीटर और 200 किलोमीटर है।
इनमें 125 किलोमीटर और 161 किलोमीटर रेंज वाले वेरिएंट की डिलीवरी सितंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। वहीं 100 किलोमीटर और 200 किलोमीटर रेंज वाले वेरिएंट को कैलेंडर ईयर 2027 की पहली और तीसरी तिमाही में लॉन्च किए जाने की संभावना है।
इसके अलावा, 125 किलोमीटर और 161 किलोमीटर रेंज वाले Konarc Z के दो वेरिएंट भी कैलेंडर ईयर 2027 की दूसरी तिमाही में पेश किए जाने की उम्मीद है।
Ather Energy पर ब्रोकरेज क्यों है बुलिश?
ब्रोकरेज फर्म एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ने एथर एनर्जी के शेयर पर अपनी ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने स्टॉक के लिए ₹2,200 का टारगेट प्राइस दिया है।
एमके ग्लोबल का मानना है कि अगले 3-4 वर्षों में एथर एनर्जी का शेयर मौजूदा स्तर से करीब दोगुना हो सकता है। ब्रोकरेज के अनुसार, कोणार्क में ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई उपयोगी फीचर्स शामिल किए गए हैं, जिससे कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को मजबूती मिल सकती है।
AURIC प्लांट से बढ़ेगा प्रोडक्शन
एथर एनर्जी की औरंगाबाद इंडस्ट्रियल सिटी (AURIC) में स्थित नई फैसिलिटी को लेकर भी ब्रोकरेज सकारात्मक है। एमके ग्लोबल के मुताबिक, इस प्लांट में दिसंबर तिमाही या मार्च तिमाही से गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।
ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2028 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2027 तक यह प्लांट पूरी क्षमता के करीब पहुंच सकता है। पूरी क्षमता से संचालन होने पर यहां से हर महीने लगभग 42,000 यूनिट्स का उत्पादन किया जा सकता है।
होसुर प्लांट की क्षमता भी बढ़ाने की तैयारी
एथर अपनी मौजूदा होसुर फैसिलिटी की उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रही है। एमके ग्लोबल के अनुसार, कंपनी ने होसुर प्लांट की क्षमता में 6,000-10,000 यूनिट प्रति माह की अतिरिक्त बढ़ोतरी का संकेत दिया है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, मौजूदा समय में यह प्लांट कंपनी की मांग का करीब 50 फीसदी ही पूरा कर पा रहा है। ऐसे में उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी कंपनी को बढ़ती मांग का फायदा उठाने में मदद कर सकती है।
नए EL प्लेटफॉर्म पर आएंगे कई मॉडल
एथर एनर्जी की भविष्य की रणनीति में नए EL प्लेटफॉर्म पर आधारित कई मॉडल विकसित करना भी शामिल है। कंपनी वित्त वर्ष 2028 में मोटरसाइकिल प्लेटफॉर्म पेश करने की दिशा में आगे बढ़ सकती है।
नए EL प्लेटफॉर्म में 1,352 mm का व्हीलबेस, 14-इंच का फ्रंट व्हील और 100 mm का सस्पेंशन ट्रैवल दिया गया है। इसके अलावा सीक्वेंशियल गियर-ड्राइव ट्रांसमिशन और बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम जैसे बदलाव भी किए गए हैं।
एक साल में 266% चढ़ चुका है Ather Energy का शेयर
एथर एनर्जी के शेयर ने पिछले एक साल में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। कंपनी के शेयर में एक साल के दौरान करीब 266 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले छह महीनों में शेयर लगभग 131 फीसदी, तीन महीनों में करीब 71 फीसदी और एक महीने में लगभग 30 फीसदी मजबूत हुआ है।
सिर्फ पिछले एक सप्ताह में भी शेयर करीब 13 फीसदी चढ़ चुका है।
एथर एनर्जी को MSCI Small Cap Index में शामिल किया जाना है। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹64,900 करोड़ से ज्यादा है। कंपनी मई 2025 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी और इसका IPO करीब ₹2,980.76 करोड़ का था।
20 जुलाई 2026 तक कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी करीब 39.58 फीसदी थी।
Hero MotoCorp ने बढ़ाई Ather में हिस्सेदारी
एथर एनर्जी में उसके प्रमुख प्रमोटर Hero MotoCorp की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। हीरो मोटोकॉर्प ने सिंगापुर सरकार से खुले बाजार में करीब ₹1,758 करोड़ के एथर एनर्जी शेयर खरीदे हैं।
इस खरीद के बाद एथर एनर्जी में हीरो मोटोकॉर्प की हिस्सेदारी बढ़कर करीब 32.8 फीसदी हो गई है। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, हीरो मोटोकॉर्प ने एथर एनर्जी के 1,18,80,000 शेयर लगभग ₹1,758.24 करोड़ में खरीदे।
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
एथर एनर्जी के शेयर में हालिया तेजी के पीछे नए कोणार्क स्कूटर की लॉन्चिंग, उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजनाएं, नए मॉडल और ब्रोकरेज की सकारात्मक राय जैसे कई कारण हैं। हालांकि, शेयर में पिछले कुछ समय में काफी तेज तेजी आ चुकी है और यह नए 52-वीक हाई पर कारोबार कर रहा है। ऐसे में निवेशकों को केवल ब्रोकरेज के टारगेट के आधार पर फैसला लेने के बजाय कंपनी की बिक्री, मार्जिन, उत्पादन क्षमता और वैल्यूएशन जैसे पहलुओं का भी आकलन करना चाहिए।
Disclaimer: newsjagran.in पर प्रकाशित किसी भी निवेश संबंधी जानकारी, सलाह या राय को निवेश सलाह न माना जाए। इसमें दिए गए विचार संबंधित एक्सपर्ट या ब्रोकरेज फर्म के हैं। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार या प्रमाणित निवेश विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।


