Nepal Flood News: नेपाल में भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जब बड़ी संख्या में लोग अपनी जान बचाने और अपनों की तलाश में जुटे हैं, उसी दौरान दो लोगों पर बाढ़ में बहकर आई एक मृत महिला के शव से सोने की बालियां निकालने का आरोप लगा है। घटना का 41 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वायरल वीडियो में दिखा शर्मनाक मंजर
वायरल हो रहे वीडियो में दो लोग बाढ़ के पानी में दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने नारायणी नदी में बहकर आए महिला के शव को लकड़ी के तख्तों की मदद से किनारे की ओर खींचा। इसके बाद दोनों ने शव को पानी से बाहर निकालते समय महिला के बाल पकड़े और उसके कानों से सोने की बालियां निकाल लीं।
घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोग भी नजर आते हैं। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप करने के बजाय घटना का वीडियो बनाया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा
मृतकको कानको मुन्द्रा चोरी गर्ने व्यक्तिहरु नियन्त्रणमा लिएको सम्बन्धमा । pic.twitter.com/pnPlnQPn9j
— Nepal Police (@NepalPoliceHQ) August 27, 2026 वीडियो वायरल होने के बाद चितवन पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान 25 वर्षीय मदन गुरुंग और 38 वर्षीय उमेश चौधरी के रूप में की।
रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस ने गुरुवार को दोनों को भरतपुर महानगरपालिका-1 स्थित पोखरा बस पार्क के आसपास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा है कि आपदा के दौरान पीड़ितों और मृतकों के साथ लूटपाट या किसी भी तरह की अमानवीय हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब नेपाल के कई हिस्से भीषण बाढ़ और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित हैं। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास भारी बारिश, मलबे और पानी के तेज बहाव ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। भोटे कोशी और त्रिशूली नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी से आसपास के क्षेत्रों में तबाही का मंजर देखने को मिला।
बाढ़ का असर रसुवा और धाडिंग के अलावा नुवाकोट, चितवन, गोरखा, तनहुं और नवलपरासी पूर्व जैसे इलाकों तक बताया गया है। कई जगह सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त या बह गए हैं। संचार और बिजली सेवाओं पर भी असर पड़ा है, जिससे राहत एवं बचाव अभियान में मुश्किलें बढ़ी हैं।
सैकड़ों लोग अब भी लापता
प्राकृतिक आपदा के कारण बड़ी संख्या में लोगों की मौत और कई लोगों के लापता होने की खबर है। प्रभावित इलाकों में राहत एजेंसियां और सुरक्षा बल लगातार बचाव अभियान चला रहे हैं। कई परिवार अब भी अपने लापता परिजनों की तलाश में जुटे हुए हैं।
ऐसे हालात में मृत महिला के शव के साथ कथित तौर पर की गई यह हरकत लोगों को झकझोर रही है। आपदा के दौरान जहां समाज के लोग एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आते हैं, वहीं इस तरह की घटना ने मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं
नेपाल के बाढ़ पूर्वानुमान अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों के अनुसार कुछ स्थानों पर पानी और मलबे के कारण अब भी जोखिम बना हुआ है। नदियों के जलस्तर में बदलाव और संभावित अचानक बढ़ोतरी को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी जारी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। राहत कार्यों के बीच पुलिस की कोशिश है कि आपदा का फायदा उठाकर अपराध करने वाले लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए।


