UP Board Exams 2027: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। यूपी बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया को लेकर संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत स्कूलों को अपने संसाधनों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी बोर्ड पोर्टल पर अपलोड करने के लिए 24 अगस्त तक का समय दिया गया है। वहीं, परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 29 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी।
24 अगस्त तक स्कूल अपलोड कर सकेंगे जानकारी
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जा रही है। बोर्ड की वेबसाइट पर संबंधित स्कूल अपने भवन, कमरों, फर्नीचर, बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी संसाधनों से जुड़ी जानकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर अपलोड कर सकेंगे।
बोर्ड ने पहले जारी किए गए कार्यक्रम में कुछ बदलाव किए हैं। इसके तहत स्कूलों की ओर से दी गई जानकारी के सत्यापन, आपत्तियों और परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।
3 सितंबर तक होगा स्कूलों का भौतिक सत्यापन
बोर्ड सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा पोर्टल पर अपलोड की गई जानकारी का प्रत्यक्ष सत्यापन किया जाएगा। जिलाधिकारी की ओर से गठित तहसील स्तरीय समितियां 3 सितंबर 2026 तक स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों और इंफ्रास्ट्रक्चर का सत्यापन करेंगी।
इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक यानी DIOS को सत्यापन रिपोर्ट बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। इसके लिए 12 सितंबर 2026 अंतिम तारीख निर्धारित की गई है।
21 सितंबर को सामने आएगी परीक्षा केंद्रों की सूची
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें स्कूलवार छात्रों के आवंटन की जानकारी भी शामिल होगी।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समिति की स्क्रूटनी के लिए यह सूची 21 सितंबर 2026 को पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी। इसके बाद संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्य सूची की जांच कर सकेंगे।
प्रधानाचार्यों को परीक्षा केंद्रों और छात्र आवंटन से संबंधित किसी तरह की आपत्ति दर्ज कराने के लिए 28 सितंबर 2026 तक का समय मिलेगा।
8 अक्टूबर तक आपत्तियों पर होगा फैसला
स्कूलों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों पर जिला स्तरीय समिति विचार करेगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद समिति अपनी स्वीकृति रिपोर्ट DIOS के माध्यम से बोर्ड को भेजेगी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार यह प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 तक पूरी की जानी है। इसके बाद संशोधित परीक्षा केंद्र सूची को सार्वजनिक सूचना के लिए पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
17 अक्टूबर को जारी होगी संशोधित सूची
यूपी बोर्ड की ओर से संशोधित परीक्षा केंद्रों की सूची 17 अक्टूबर 2026 को पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद संबंधित पक्षों को एक बार फिर सूची को देखने और आवश्यक होने पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।
बोर्ड इन आपत्तियों और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच करने के बाद परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप देगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा केंद्रों का चयन तय मानकों के अनुसार हो और छात्रों के आवंटन में किसी तरह की अनियमितता न रहे।
29 अक्टूबर को जारी होगी फाइनल लिस्ट
सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 29 अक्टूबर 2026 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करेगा। अंतिम सूची में परीक्षा केंद्रों के साथ छात्रों के आवंटन की जानकारी भी दी जाएगी।
इस तरह परीक्षा केंद्रों के चयन से लेकर अंतिम सूची जारी होने तक कई स्तरों पर जांच और आपत्ति निस्तारण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
ऑनलाइन प्रक्रिया से क्यों चुने जा रहे हैं परीक्षा केंद्र?
यूपी बोर्ड हर साल हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से कराने पर जोर देता है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में ऑनलाइन प्रक्रिया का इस्तेमाल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सॉफ्टवेयर आधारित प्रक्रिया के जरिए स्कूलों की उपलब्ध सुविधाओं और निर्धारित मानकों के आधार पर केंद्रों का चयन किया जाएगा। इससे परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में मनमानी की संभावना को कम करने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
UP Board Exam 2027: छात्रों और अभिभावकों के लिए परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होना महत्वपूर्ण अपडेट होगा। बोर्ड की ओर से 29 अक्टूबर को फाइनल सूची जारी किए जाने के बाद छात्र अपने परीक्षा केंद्र और संबंधित स्कूल आवंटन की जानकारी देख सकेंगे।


