Kiran Mazumdar-Shaw Best Quotes: भारत की प्रमुख महिला उद्यमियों में शामिल किरण मजूमदार-शॉ ने सीमित संसाधनों से शुरुआत कर बायोकॉन को वैश्विक बायोफार्मास्युटिकल कंपनी बनाया। उन्हें भारत की ‘बायोटेक क्वीन’ कहा जाता है और वह देश की सबसे सफल सेल्फ-मेड महिला अरबपतियों में गिनी जाती हैं। उनके संघर्ष, नेतृत्व और नवाचार की सोच आज लाखों युवाओं, स्टार्टअप संस्थापकों और प्रोफेशनल्स के लिए प्रेरणा है। आइए जानते हैं उनके 10 ऐसे प्रेरक विचार, जो सफलता की नई दिशा दिखाते हैं।
गैरेज से शुरू हुआ था बायोकॉन का सफर
किरण मजूमदार-शॉ ने वर्ष 1978 में एक छोटे से गैरेज से बायोकॉन की शुरुआत की थी। उस समय न तो पर्याप्त पूंजी थी और न ही लोगों का भरोसा। लेकिन उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और वैज्ञानिक सोच के दम पर कंपनी को वैश्विक पहचान दिलाई। विज्ञान, उद्योग और स्वास्थ्य सेवा में उनके योगदान के लिए भारत सरकार उन्हें पद्म श्री और पद्म भूषण से सम्मानित कर चुकी है।
किरण मजूमदार-शॉ के 10 प्रेरणादायक विचार
1. “मैं खुद को एक ‘एक्सीडेंटल एंटरप्रेन्योर’ कहती हूं।”
“मैं स्कॉटलैंड में ब्रूइंग इंडस्ट्री में करियर बनाने की तैयारी कर रही थी। लेकिन एक आयरिश उद्यमी से हुई मुलाकात ने मुझे भारत में बायोटेक बिजनेस शुरू करने की प्रेरणा दी।”
2. “असफलता ही सफलता का रास्ता बनाती है”
“मुझे टेक्नोलॉजी, बिजनेस और रिसर्च में कई बार असफलता मिली। लेकिन उद्यमिता का मतलब है असफलता को स्वीकार करना, उससे सीखना और फिर सफलता हासिल करना।”
3. “शुरुआत में किसी ने भरोसा नहीं किया”
“बायोकॉन बनाते समय बैंक लोन देने को तैयार नहीं थे। लोगों को महिला बॉस के साथ काम करने में हिचकिचाहट थी और सप्लायर्स भी आसानी से सहयोग नहीं करते थे।”
4. “कम संसाधनों में भी बड़ा सपना देखा जा सकता है”
“मैं उन पहली पीढ़ी की उद्यमियों में से हूं जिन्होंने बेहद सीमित संसाधनों के साथ अपना व्यवसाय खड़ा किया।”
5. “भारत बायो-फार्मा में दुनिया का नेतृत्व कर सकता है”
“मुझे पूरा विश्वास है कि भारत बायो-फार्मास्युटिकल क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व करने की क्षमता रखता है।”
6. “भारत उद्यमियों के लिए अवसरों की भूमि है”
“विश्व स्तरीय प्रतिभा और संसाधनों के कारण भारत नवाचार और उद्यमिता के लिए सबसे उपयुक्त देशों में से एक है।”
7. “मेरी सफलता का आधार मेरी परवरिश है”
“मेरे आगे बढ़ने की इच्छा और मजबूत इरादों का श्रेय मेरी परवरिश और मिले संस्कारों को जाता है।”
8. “इनोवेशन समाज को बदलने की ताकत रखता है”
“नवाचार और व्यवसाय केवल तकनीकी प्रगति ही नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव लाने के भी प्रभावशाली माध्यम हैं।”
9. “विज्ञान को लोगों तक पहुंचाना जरूरी है”
“इनोवेशन के प्रति मेरा जुनून ही बायोकॉन को कई नई तकनीकों और उत्पादों को व्यावसायिक स्तर तक पहुंचाने में सफल बना सका।”
10. “स्वास्थ्य सेवा में बदलाव लाना मेरा लक्ष्य है”
“मेरा परोपकारी कार्य मुख्य रूप से हेल्थकेयर पर केंद्रित है। मैं चाहती हूं कि मेरे प्रयास लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाएं।”
युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए बड़ी सीख
किरण मजूमदार-शॉ की यात्रा यह साबित करती है कि सीमित संसाधन, असफलताएं और चुनौतियां सफलता की राह में बाधा नहीं, बल्कि सीखने का अवसर होती हैं। उनका मानना है कि यदि नवाचार, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ा जाए, तो भारत में विश्वस्तरीय कंपनियां खड़ी की जा सकती हैं। यही सोच उन्हें आज देश की सबसे प्रेरणादायक महिला उद्यमियों में शामिल करती है।


