Side Upper Berth Window Idea: भारतीय रेलवे की साइड अपर बर्थ पर सफर करने वाले यात्रियों की एक पुरानी परेशानी को दूर करने के लिए कंटेंट क्रिएटर संतोष भारतवंशी ने अनोखा सुझाव दिया है। उन्होंने नए 2AC, 3AC और स्लीपर कोच में साइड अपर बर्थ के पास छोटी खिड़की लगाने की मांग की है। सोशल मीडिया पर इस आइडिया को काफी पसंद किया जा रहा है। कई यूजर्स ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग कर रेलवे से इस सुझाव पर विचार करने की अपील की है।
साइड अपर बर्थ के पास छोटी खिड़की लगाने का सुझाव
A small, practical suggestion for upcoming 2AC, 3AC, and Sleeper coaches in Indian Railways:Introduce a compact outside-view window near the Side Upper berths….1/2 https://t.co/vNWiG71JXu
— Santosh Bharatvanshi (@SKYjourno) November 22, 2026
भारतीय रेलवे में लंबी दूरी की यात्रा के दौरान साइड अपर बर्थ पर सफर करने वाले यात्रियों को अक्सर बाहर का नजारा देखने का मौका नहीं मिलता। इस परेशानी को ध्यान में रखते हुए कंटेंट क्रिएटर संतोष भारतवंशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नया सुझाव साझा किया है।
उन्होंने रेलवे के आगामी 2AC, 3AC और स्लीपर कोच में साइड अपर बर्थ के पास एक छोटी कांच की खिड़की लगाने का सुझाव दिया है। इसके जरिए ऊपर की बर्थ पर लेटे यात्री भी बाहर का नजारा देख सकेंगे। संतोष ने अपने सुझाव को समझाने के लिए एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें इस तरह की खिड़की का संभावित डिजाइन दिखाया गया है।
उनकी पोस्ट सोमवार शाम 6:30 बजे तक 6.25 लाख से ज्यादा बार देखी जा चुकी थी। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में यूजर्स ने इस विचार का समर्थन किया है।
यात्रियों को क्यों होती है परेशानी?
ट्रेन के सामान्य कोच डिजाइन में साइड अपर बर्थ पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बाहर देखने की सुविधा सीमित रहती है। खासकर दिन के समय यात्रा करने वालों को ट्रेन के बाहर के खूबसूरत नजारे देखने का मौका नहीं मिलता। इसके अलावा, ट्रेन किसी स्टेशन पर पहुंचती है तो ऊपर की बर्थ पर मौजूद यात्री को यह पता लगाने के लिए नीचे उतरना पड़ सकता है कि ट्रेन कहां रुकी है।
ऐसी स्थिति में नीचे की बर्थ पर बैठे या आराम कर रहे यात्रियों को भी असुविधा हो सकती है। संतोष का मानना है कि साइड अपर बर्थ के पास छोटी खिड़की लगाने से इस समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है।
उनके सुझाव के मुताबिक, खिड़की को इस तरह डिजाइन किया जाना चाहिए कि वह पूरी तरह सुरक्षित और अच्छी तरह सील हो। इससे यात्रियों को बाहर देखने की सुविधा मिलेगी। साथ ही ऊपर की बर्थ पर प्राकृतिक रोशनी भी पहुंचेगी और बंद जगह जैसा महसूस होने की परेशानी कम हो सकती है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने बताया शानदार आइडिया
संतोष भारतवंशी के इस सुझाव पर सोशल मीडिया यूजर्स ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। Mahi Mishra ने इसे बहुत अच्छा आइडिया बताते हुए कहा कि रेलवे को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। इस पर संतोष ने भी जवाब दिया कि देखते हैं कि उनके सुझाव पर क्या प्रतिक्रिया मिलती है।
हालांकि, संतोष ने यह स्पष्ट किया कि इस तरह का बदलाव करते समय यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है। फिलहाल यह रेलवे के लिए दिया गया एक सुझाव है, न कि किसी आधिकारिक बदलाव की घोषणा।
Mr Shiva नाम के यूजर ने भी इस विचार का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है। हालांकि, खिड़की लगाते समय सुरक्षा, निजता और कोच की मजबूती जैसे पहलुओं का ध्यान रखना होगा।
इस पर संतोष ने सुझाव दिया कि मजबूत और अच्छी तरह सील किए गए कांच के साथ ब्लाइंड्स लगाए जा सकते हैं। इससे जरूरत के मुताबिक खिड़की को ढकने की सुविधा भी मिलेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को किया टैग
इस सुझाव को लेकर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी टैग किया है। Swapnil Rane ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्री इस आइडिया पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने रेलवे को यात्रियों से ऐसे सुझाव प्राप्त करने के लिए एक नागरिक पोर्टल शुरू करने की सलाह भी दी।
MBG नाम के यूजर ने इसे शानदार विचार बताते हुए रेल मंत्री से इस पर ध्यान देने की अपील की। उनका कहना था कि लोहे की जगह कांच का इस्तेमाल करके इस सुविधा को शामिल किया जा सकता है।
वहीं, Rohit Garg Singh ने रेल मंत्री, रेल मंत्रालय और रेलवे सेवा को टैग करते हुए साइड अपर बर्थ पर सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी को मजाकिया अंदाज में सामने रखा। उन्होंने कहा कि ऊपर की बर्थ पर यात्रियों को बाहर देखने का कोई विकल्प नहीं मिलता और उन्हें सिर्फ कोच की छत दिखाई देती है। उन्होंने इस अनुभव की तुलना ‘काला पानी की सजा’ से कर दी।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब बसों में यात्रियों को बाहर देखने की सुविधा मिलती है, तो ट्रेनों में साइड अपर बर्थ पर ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं हो सकती।
सुरक्षा और कोच डिजाइन का ध्यान रखना होगा
साइड अपर बर्थ पर छोटी खिड़की लगाने का सुझाव यात्रियों को पसंद आ रहा है, लेकिन इसे लागू करना इतना आसान नहीं होगा। रेलवे को कोच की संरचनात्मक मजबूती, खिड़की की सुरक्षा, इन्सुलेशन, आग से बचाव और यात्रियों की निजता जैसे पहलुओं का तकनीकी मूल्यांकन करना होगा।
इसके अलावा, खिड़की की स्थिति और आकार ऐसा होना चाहिए कि यात्रा के दौरान यात्रियों को कोई खतरा न हो। फिलहाल रेलवे की ओर से इस सुझाव को लागू करने की कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि यात्रियों की इस मांग पर रेलवे क्या रुख अपनाता है।


