भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में एक और पहल की गई है। भारतजेन (BharatGen) ने अपना नया विजन-लैंग्वेज मॉडल (Vision Language Model) ‘Patram 1.5’ लॉन्च किया है। यह मॉडल स्कैन किए गए दस्तावेजों, हाथ से लिखे नोट्स, मुहर लगे कागजात, हस्ताक्षर और कई भाषाओं में तैयार किए गए दस्तावेजों को समझने में सक्षम है। इसकी मदद से बैंक, अस्पताल, बीमा कंपनियां और सरकारी विभाग दस्तावेजों से जरूरी जानकारी निकालने का काम आसान बना सकते हैं।
डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (DST) और इंडियाAI मिशन (MeitY) के सहयोग से विकसित Patram 1.5 को भारतीय जरूरतों और यहां इस्तेमाल होने वाले दस्तावेजों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह 7 अरब पैरामीटर वाला ओपन-वेट AI मॉडल है। इसे Hugging Face और BharatGen Playground पर उपलब्ध कराया गया है, जहां डेवलपर्स और आम यूजर्स इसकी क्षमताओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
क्या है Patram 1.5 और कैसे करता है काम?
Patram 1.5 एक विजन-लैंग्वेज मॉडल है, यानी यह केवल लिखे हुए टेक्स्ट को पढ़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी दस्तावेज की तस्वीर और उसके पूरे लेआउट को समझने की क्षमता भी रखता है। सामान्य OCR (Optical Character Recognition) तकनीक का इस्तेमाल मुख्य रूप से तस्वीरों और स्कैन किए गए पन्नों से अक्षरों को पहचानने के लिए किया जाता है।
हालांकि, कई बार दस्तावेजों में केवल टेक्स्ट पढ़ना पर्याप्त नहीं होता। उदाहरण के लिए, किसी बैंक फॉर्म में अलग-अलग कॉलम, हस्ताक्षर, मुहर और टेबल में जानकारी दी गई हो सकती है। ऐसे में यह समझना भी जरूरी होता है कि कौन-सी जानकारी किस हिस्से से संबंधित है।
Patram 1.5 इसी तरह की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यह पूरे पेज को एक इमेज के रूप में देखकर टेक्स्ट के साथ टेबल, चार्ट, डायग्राम, मुहर और हस्ताक्षर जैसी चीजों को भी समझ सकता है।
Patram 1.5 की 5 बड़ी खूबियां
1. स्कैन और हाथ से लिखे दस्तावेज पढ़ने की क्षमता
इस मॉडल की खासियत यह है कि यह केवल कंप्यूटर से टाइप किए गए दस्तावेजों पर निर्भर नहीं है। यह हाथ से लिखे नोट्स, स्कैन किए गए फॉर्म, हस्ताक्षर वाले कागजात और मुहर लगे दस्तावेजों को भी समझने के लिए तैयार किया गया है। इससे पुराने रिकॉर्ड और कागजी दस्तावेजों को डिजिटल जानकारी में बदलने में मदद मिल सकती है।
2. पूरे पेज को समझकर देता है जवाब
सामान्य OCR सिस्टम अक्सर दस्तावेज से टेक्स्ट निकालने पर ध्यान देते हैं। इसके विपरीत Patram 1.5 दस्तावेज के लेआउट और अलग-अलग हिस्सों के बीच संबंध को भी समझ सकता है। उदाहरण के लिए, किसी रिपोर्ट में मौजूद टेबल, चार्ट या किसी खास कॉलम की जानकारी को पहचानना इसके इस्तेमाल का हिस्सा हो सकता है।
3. OCR 3.0 से जानकारी निकालना आसान
Patram 1.5 में OCR 3.0 की सुविधा दी गई है। इसके जरिए यूजर को पूरे दस्तावेज का टेक्स्ट निकालने की जरूरत नहीं होती। वह अपनी भाषा में सीधे पूछ सकता है कि उसे किस तरह की जानकारी चाहिए।
उदाहरण के लिए, किसी मेडिकल रिपोर्ट को अपलोड करने के बाद यूजर उससे किसी खास जांच के नतीजे या रिपोर्ट में दर्ज तारीख के बारे में सवाल पूछ सकता है। इसी तरह बैंक के दस्तावेजों में किसी विशेष जानकारी को खोजने का काम भी आसान हो सकता है।
4. गलत जानकारी देने से बचने की क्षमता
AI मॉडल्स के सामने एक बड़ी चुनौती गलत या अनुमान के आधार पर जवाब देना है। Patram 1.5 को इस समस्या को कम करने के लिए तैयार किया गया है। अगर किसी दस्तावेज का हिस्सा खाली है या धुंधला होने के कारण पढ़ा नहीं जा सकता, तो यह अपनी तरफ से जानकारी बनाने के बजाय उसके पढ़ने योग्य नहीं होने की बात बता सकता है।
इसके अलावा, अगर यूजर का सवाल स्पष्ट नहीं है, तो मॉडल दोबारा जानकारी मांग सकता है। इससे दस्तावेजों से डेटा निकालते समय गलतियों की संभावना कम करने में मदद मिल सकती है।
5. कई भाषाओं वाले दस्तावेजों को समझने में मदद
भारत में सरकारी फॉर्म, बैंकिंग रिकॉर्ड और दूसरे आधिकारिक दस्तावेज अलग-अलग भाषाओं में तैयार किए जाते हैं। कई दस्तावेजों में अंग्रेजी और भारतीय भाषाओं का इस्तेमाल एक साथ भी होता है। Patram 1.5 को ऐसे मिली-जुली भाषा वाले दस्तावेजों को समझने की जरूरत को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
49 कठिन टेस्ट में परखी गई मॉडल की क्षमता
BharatGen के मुताबिक, Patram 1.5 की क्षमताओं को परखने के लिए कुल 49 टेस्ट किए गए। इनमें 34 सार्वजनिक बेंचमार्क और भारतीय दस्तावेजों पर आधारित 15 विशेष टेस्ट टास्क शामिल थे।
विशेष टेस्ट के लिए भारतीय दस्तावेजों के 8,773 पन्नों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा, मॉडल की तुलना 20 अन्य बड़े AI मॉडल्स और 7 विशेष OCR सिस्टम्स के साथ भी की गई।
इस परीक्षण का उद्देश्य यह समझना था कि मॉडल वास्तविक दस्तावेजों में टेक्स्ट पहचानने, पेज का लेआउट समझने और यूजर के सवालों के जवाब देने जैसे काम कितनी प्रभावी तरीके से कर सकता है।
7 अरब पैरामीटर वाला मॉडल, कंपनियों के लिए क्यों है खास?
Patram 1.5 का आकार 7 अरब पैरामीटर का है। बड़े AI मॉडल्स की तुलना में इसका कॉम्पैक्ट होना उन संस्थानों के लिए उपयोगी हो सकता है, जो अपनी जरूरत के हिसाब से AI सिस्टम को निजी सर्वर पर चलाना चाहते हैं।
बैंक, अस्पताल, बीमा कंपनियां और सरकारी विभाग रोजाना बड़ी संख्या में ऐसे दस्तावेजों को प्रोसेस करते हैं, जिनमें ग्राहकों की निजी और संवेदनशील जानकारियां मौजूद होती हैं। ऐसे में अपने सर्वर पर मॉडल चलाने का विकल्प डेटा प्राइवेसी और नियंत्रण के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकता है।
हालांकि, किसी भी संस्थान को इसे लागू करने से पहले अपनी हार्डवेयर क्षमता, सुरक्षा व्यवस्था और डेटा प्रोटेक्शन से जुड़ी जरूरतों का आकलन करना होगा।
BharatGen Playground पर कैसे इस्तेमाल करें Patram 1.5?
आम यूजर्स और डेवलपर्स के लिए Patram 1.5 का इस्तेमाल करने के लिए BharatGen ने Playground की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके जरिए यूजर किसी दस्तावेज या उसकी तस्वीर को अपलोड करके उससे जुड़े सवाल पूछ सकता है।
इसका इस्तेमाल करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो किया जा सकता है:
- सबसे पहले BharatGen Playground पर जाएं।
- वहां उपलब्ध Patram 1.5 मॉडल को चुनें।
- जिस दस्तावेज या फोटो को समझना चाहते हैं, उसे अपलोड करें।
- दस्तावेज से जुड़ा अपना सवाल सामान्य भाषा में लिखें।
- मॉडल से प्राप्त जवाब के आधार पर जरूरी जानकारी हासिल करें।
इसके अलावा, डेवलपर्स Hugging Face पर उपलब्ध मॉडल का इस्तेमाल अपने एप्लिकेशन और दस्तावेज प्रोसेसिंग सिस्टम में भी कर सकते हैं।
दस्तावेजों से जुड़े कामकाज को आसान बनाने की तैयारी
BharatGen के CEO ऋषि बाल के मुताबिक, दस्तावेजों को समझने के लिए केवल एक AI मॉडल पर्याप्त नहीं होता। इसके लिए अलग-अलग मॉडल्स और वर्कफ्लो को एक साथ जोड़ना जरूरी है। इसी सोच के तहत BharatGen ऐसा प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा रहा है, जहां दस्तावेजों को समझने के साथ उन्हें एडिट करने, डेटा निकालने और अलग-अलग हिस्सों में बांटने जैसे काम भी किए जा सकते हैं।
कुल मिलाकर, Patram 1.5 का इस्तेमाल दस्तावेजों से जानकारी निकालने की प्रक्रिया को अधिक आसान और स्वचालित बनाने में मदद कर सकता है। खासतौर पर उन संस्थानों के लिए यह उपयोगी साबित हो सकता है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में स्कैन किए गए, हाथ से लिखे और अलग-अलग भाषाओं वाले दस्तावेजों को संभालना पड़ता है।


