Oracle Layoffs: अमेरिकी टेक दिग्गज Oracle में एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरों ने कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी लागत कम करने के लिए सितंबर से नौकरियों में कटौती कर सकती है। कर्मचारियों को सबसे ज्यादा डर उस “सुबह 6 बजे वाले ईमेल” का है, जिसके जरिए पहले अचानक हजारों लोगों को नौकरी से हटाया गया था।
नई दिल्ली: अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी Oracle (ओरेकल) में संभावित छंटनी की खबरों ने कर्मचारियों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी 1 सितंबर से एक बार फिर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या घटाने की तैयारी कर सकती है।
कर्मचारियों को सबसे ज्यादा चिंता उस अचानक आने वाले ईमेल की है, जिसे वे अब “सुबह 6 बजे वाला डरावना ईमेल” कह रहे हैं। इससे पहले भी कंपनी ने हजारों कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व सूचना के ईमेल के जरिए नौकरी खत्म होने की जानकारी दी थी।
सुबह 6 बजे वाला ईमेल बना डर की वजह
इस साल मार्च में Oracle ने 10,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की थी। उस समय कई कर्मचारियों को सुबह करीब 6 बजे “Oracle Leadership” की ओर से ईमेल मिला था। इस ईमेल में सीधे तौर पर बताया गया था कि कंपनी ने उनके पद को समाप्त करने का फैसला किया है।
कर्मचारियों के मुताबिक, इस प्रक्रिया में न तो पहले कोई चेतावनी दी गई और न ही मैनेजर या HR की तरफ से कोई बातचीत हुई। ईमेल आने के बाद कई कर्मचारियों का सिस्टम एक्सेस भी बंद कर दिया गया था।
इस छंटनी का असर अमेरिका, भारत, कनाडा और मैक्सिको समेत कई देशों में काम कर रहे कर्मचारियों पर पड़ा था।
1 सितंबर क्यों हो सकता है अहम?
रिपोर्ट्स के अनुसार, 1 सितंबर से Oracle के नए वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही शुरू होगी। कंपनी इससे पहले अपने खर्चों को नियंत्रित करने और कर्मचारियों पर होने वाले खर्च को कम करने की कोशिश कर सकती है।
बताया जा रहा है कि कुछ विभागों में छंटनी का आंकड़ा दोहरे अंकों तक पहुंच सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
पहले ही खत्म हो चुकी हैं हजारों नौकरियां
Oracle में नौकरियों में कटौती का सिलसिला नया नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 31 मई को खत्म हुए वित्त वर्ष में कंपनी ने करीब 21,000 नौकरियां कम की हैं, जो उसकी कुल वर्कफोर्स का लगभग 13 फीसदी है।
इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या करीब 1.62 लाख से घटकर 1.41 लाख रह गई। वहीं, कंपनी का रिस्ट्रक्चरिंग खर्च भी तेजी से बढ़ा है।
AI पर भारी निवेश बना छंटनी की वजह?
Oracle इन दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर बिजनेस में भारी निवेश कर रही है। कंपनी का फोकस क्लाउड कंप्यूटिंग और AI सेवाओं को बढ़ाने पर है।
हालांकि, AI के बढ़ते इस्तेमाल से कई टेक कंपनियां अपने पारंपरिक कामों में कर्मचारियों की जरूरत कम कर रही हैं। Oracle ने भी अपनी रिपोर्टिंग में AI आधारित बदलावों का जिक्र किया है।
अनुमानों के मुताबिक, कंपनी 20 हजार से 30 हजार तक नौकरियां कम करके अरबों डॉलर की लागत बचाने की कोशिश कर सकती है।
बिजनेस बढ़ने के बावजूद क्यों हो रही छंटनी?
सबसे बड़ी बात यह है कि Oracle का कारोबार कमजोर नहीं हुआ है। कंपनी के क्लाउड बिजनेस में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है और पिछले वित्त वर्ष में उसका राजस्व भी बढ़ा है।
इसके बावजूद कंपनी पर AI निवेश, डेटा सेंटर विस्तार और बढ़ते कर्ज का दबाव है। यही वजह है कि लागत कम करने के लिए कर्मचारियों की संख्या घटाने का फैसला लिया जा सकता है।
कर्मचारियों में बढ़ी चिंता
Oracle कर्मचारियों के बीच अब सबसे बड़ा डर यही है कि कहीं 1 सितंबर की सुबह उनके इनबॉक्स में भी वही ईमेल न आ जाए, जिसने पहले हजारों लोगों की नौकरी खत्म कर दी थी।
हालांकि, अभी तक Oracle ने सितंबर में होने वाली किसी भी छंटनी की पुष्टि नहीं की है। लेकिन संभावित कटौती की खबरों ने कर्मचारियों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।


