Independence Day 2026 OTT Movies: 15 अगस्त को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। अगर आप इस खास मौके पर घर बैठे देशभक्ति के जज्बे से भरपूर फिल्में और वेब सीरीज देखना चाहते हैं, तो OTT प्लेटफॉर्म पर कई शानदार विकल्प मौजूद हैं। Netflix, Zee5 और Discovery+ जैसे प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई ये फिल्में देश के वीर जवानों, गुमनाम नायकों और ऐतिहासिक घटनाओं की कहानियां पेश करती हैं।
स्वतंत्रता दिवस सिर्फ तिरंगा फहराने और देशभक्ति गीत सुनने का दिन नहीं है, बल्कि यह उन लोगों के बलिदान को याद करने का अवसर भी है जिन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। इस मौके पर आप परिवार के साथ बैठकर ऐसी फिल्में और सीरीज देख सकते हैं जो देशप्रेम, साहस और बलिदान की भावना को दर्शाती हैं।
1. ऑपरेशन सफेद सागर – Netflix
कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना की वीरता पर आधारित ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ एक मिलिट्री ड्रामा सीरीज है। इसमें भारतीय वायुसेना के ‘गोल्डन एरो स्क्वाड्रन’ की कहानी दिखाई गई है, जिसने ऑपरेशन सफेद सागर के दौरान अहम भूमिका निभाई थी।
सीरीज में एयर वॉरियर्स के संघर्ष, रणनीति और देश के लिए उनके समर्पण को दिखाया गया है। इसे ओनी सेन ने डायरेक्ट किया है। सीरीज में सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन, मिहिर आहूजा और अन्य कलाकार नजर आए हैं।
2. मैं वापस आऊंगा – Netflix
1947 के भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी ‘मैं वापस आऊंगा’ एक भावनात्मक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है। यह कहानी प्यार, बिछड़ने और अधूरी इच्छा के इर्द-गिर्द घूमती है।
फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी एक 95 वर्षीय बुजुर्ग की है, जो खराब स्वास्थ्य के बावजूद पाकिस्तान के सरगोधा जाना चाहता है, जहां उसने विभाजन के दौरान अपने प्यार को पीछे छोड़ दिया था।
यह फिल्म भारत-पाकिस्तान विभाजन के दर्द और मानवीय रिश्तों को भावनात्मक तरीके से दिखाती है।
3. भारत भाग्य विधाता – Zee5
कंगना रनौत स्टारर ‘भारत भाग्य विधाता’ साहस, सेवा और मानवता की प्रेरणादायक कहानी है। यह फिल्म 2008 में मुंबई के कामा और एल्ब्लेस हॉस्पिटल में हुए आतंकी हमले की घटनाओं पर आधारित है।
फिल्म में नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों, सुरक्षाकर्मियों और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स के साहस को दिखाया गया है, जिन्होंने मुश्किल हालात में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
यह फिल्म उन गुमनाम नायकों को सम्मान देती है, जिन्होंने संकट की घड़ी में लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी।
4. धुरंधर 1 और 2 – Netflix और JioHotstar
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ एक स्पाई थ्रिलर फिल्म फ्रेंचाइजी है, जो भारतीय खुफिया अभियानों और आतंकवाद विरोधी मिशनों से प्रेरित है।
फिल्म की कहानी जसकीरत सिंह रंगी उर्फ हमजा अली मजारी (रणवीर सिंह) के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक भारतीय जासूस बनकर पाकिस्तान में एक बड़े आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर जाता है।
फिल्म में 1999 के IC-814 विमान अपहरण, 2001 संसद हमले और 2008 मुंबई हमलों जैसी घटनाओं से प्रेरणा ली गई है।
इसमें रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और संजय दत्त जैसे कलाकार शामिल हैं।
5. डीक्लासिफाइड- ऑपरेशन सिंदूर – Discovery+ और Discovery
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज होने वाली डॉक्यूमेंट्री ‘डीक्लासिफाइड- ऑपरेशन सिंदूर’ हालिया सैन्य अभियान की कहानी पेश करती है।
दो भागों वाली यह डॉक्यूमेंट्री 15 अगस्त 2026 को Discovery और Discovery+ पर प्रसारित होगी। इसका पहला भाग रात 9 बजे और दूसरा भाग रात 10 बजे दिखाया जाएगा।
इसमें 88 घंटे तक चले सैन्य अभियान, रणनीतिक योजनाओं और ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने वाले सैनिकों के अनुभवों को दिखाया जाएगा। डॉक्यूमेंट्री में सैन्य कमांडर, फील्ड ऑफिसर, रक्षा विशेषज्ञ और पत्रकार ऑपरेशन से जुड़ी कई अनसुनी बातें साझा करेंगे।
Independence Day 2026 पर OTT पर क्या देखें?
अगर आप देशभक्ति, सेना की वीरता, ऐतिहासिक घटनाओं और भावनात्मक कहानियों को पसंद करते हैं, तो ये फिल्में और वेब सीरीज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देखने के लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं।
ऑपरेशन सफेद सागर जहां भारतीय सेना के साहस को दिखाता है, वहीं मैं वापस आऊंगा विभाजन के दर्द को सामने लाती है। दूसरी ओर भारत भाग्य विधाता और ऑपरेशन सिंदूर देश के गुमनाम नायकों और सैनिकों के योगदान को याद करने का मौका देते हैं।


