Faridabad School Teacher Murder: हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार सुबह एक निजी स्कूल के अंदर हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक नकाबपोश हमलावर स्कूल परिसर में घुसा, महिला शिक्षिका को क्लास से बाहर खींचा और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक शिक्षिका के शरीर पर 18 से 20 गहरे घाव मिले हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश में जुटी है।
स्कूल के अंदर हुई सनसनीखेज वारदात
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:30 से 9:40 बजे के बीच एक युवक सफेद कपड़े से अपना चेहरा ढककर स्कूल के मुख्य गेट से अंदर दाखिल हुआ। वह कुछ समय तक स्कूल परिसर में घूमता रहा और कर्मचारियों से एक महिला टीचर के बारे में पूछताछ करता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही संबंधित शिक्षिका क्लास से बाहर आईं, आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया और जबरन बाहर खींचकर उन पर चाकू से लगातार हमला करना शुरू कर दिया।
गर्दन और छाती पर किए सबसे ज्यादा वार
सेक्टर-58 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर केवल सिंह के मुताबिक, महिला शिक्षिका के शरीर पर 18 से 20 गहरे चाकू के घाव मिले हैं। सबसे अधिक वार उनकी गर्दन और छाती पर किए गए।
हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब स्कूल के अन्य कर्मचारी शिक्षिका को बचाने पहुंचे, तब भी आरोपी नहीं रुका। उसने कर्मचारियों को डराकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और तब तक हमला करता रहा जब तक शिक्षिका जमीन पर नहीं गिर गईं।
अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान
घटना के तुरंत बाद घायल शिक्षिका को इलाज के लिए अल-फलाह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक शिक्षिका की उम्र करीब 30 वर्ष थी और वह दो बच्चों की मां थीं। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार और स्कूल में शोक का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
जांच एजेंसियां फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। इसके अलावा स्कूल स्टाफ और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल पुलिस ने आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और हत्या के पीछे की वजह भी साफ नहीं हो सकी है। जांच टीम व्यक्तिगत रंजिश, पहचान और अन्य संभावित पहलुओं सहित सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।


