Piyush Mishra: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को अब अभिनेता, लेखक और गायक पियूष मिश्रा का समर्थन मिला है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर आंदोलन में शामिल होने की घोषणा की और मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
झारखंड छात्र आंदोलन को मिला पियूष मिश्रा का समर्थन
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन को राज्य के अलावा देशभर से भी समर्थन मिल रहा है।
इसी बीच सोशल एक्टिविस्ट और यूट्यूबर अनुराग यादव ने पियूष मिश्रा का एक वीडियो साझा किया, जिसमें अभिनेता छात्रों के समर्थन में खुलकर बोलते नजर आए।
‘मुंबई से कोई नहीं बोल रहा, सबको शर्म आनी चाहिए’
वीडियो में पियूष मिश्रा कहते हैं,
“मैं मुंबई से पियूष मिश्रा बोल रहा हूं। बोलते हुए थोड़ी शर्मिंदगी भी है कि आपके इस आंदोलन में मुंबई से कोई नहीं बोल रहा है। सभी को शर्म आनी चाहिए। लेकिन मुझे शर्म नहीं है, क्योंकि मैं आपका साथ देने आ रहा हूं।”
उन्होंने कहा कि हर कोई चुप नहीं है और मुंबई में भी ऐसे लोग हैं जो छात्रों के संघर्ष के साथ खड़े हैं।
खाने, मेडिकल और जरूरी सुविधाओं की करेंगे व्यवस्था
पियूष मिश्रा ने आंदोलनकारियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा कि वह छात्रों के लिए भोजन, मेडिकल सहायता, गद्दे और त्रिपाल जैसी बुनियादी जरूरतों की व्यवस्था कराने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने कहा,
“मेरे आने से शायद कोई बड़ा फर्क न पड़े, लेकिन मैं आपके साथ बैठकर बात जरूर करना चाहता हूं।”
छात्रों से की शांतिपूर्ण आंदोलन की अपील
अपने संदेश में पियूष मिश्रा ने छात्रों से आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन की ताकत उसकी शालीनता और अनुशासन में है।
उन्होंने छात्रों से कहा कि वे गाली-गलौज और राजनीतिक विवादों से दूर रहें तथा अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाएं।
बॉलीवुड की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलनों के दौरान कई फिल्मी कलाकारों ने खुलकर अपनी राय रखी थी। वहीं झारखंड में जारी आंदोलन पर अधिकांश बड़े सितारों की चुप्पी को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी संदर्भ में पियूष मिश्रा का बयान भी चर्चा का विषय बन गया है।
विधानसभा सत्र के बीच बढ़ी हलचल
गुरुवार से झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में छात्र आंदोलन राजनीतिक रूप से भी अहम मुद्दा बन गया है। सरकार की ओर से प्रदर्शन समाप्त कराने की कोशिशों की चर्चा है, लेकिन आंदोलन जारी है और छात्र अपनी मांगों पर कायम हैं।


