Pankaj Tripathi: बॉलीवुड के शानदार कलाकार पंकज त्रिपाठी अपनी सादगी और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) के दौरान उनका एक मजेदार अंदाज देखने को मिला। इवेंट में पंकज त्रिपाठी अपनी पत्नी मृदुला त्रिपाठी के साथ मौजूद थे, तभी उनकी नजर पत्नी के फोन पर टिक गई। इसके बाद दोनों के बीच हुई बातचीत ने वहां मौजूद लोगों को खूब हंसाया।
IFFM में पत्नी को फोन चलाते देख पंकज ने पूछा सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पंकज त्रिपाठी स्टेज पर नजर आ रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी मृदुला फोन पर कुछ टाइप करने में व्यस्त दिखाई देती हैं। पंकज की नजर जैसे ही उनके फोन पर जाती है, वह मजाकिया अंदाज में पत्नी को टोक देते हैं।
पंकज कहते हैं, “तुम कैसे लगातार टाइप किए जा रही हो, मेरी नजर तुमपे जा रही है। मियां देख रहा हूं, मुझे सुन ही नहीं रही हो?”
इसके बाद वह मजाक करते हुए कहते हैं कि उन्होंने 25 साल पहले इतनी खूबसूरत महिला से शादी की थी और अब भी वह उनकी बातों पर पत्नी का रिएक्शन देखना चाहते हैं, लेकिन मृदुला फोन की स्क्रीन में व्यस्त हैं।
एक्टर ने वहां मौजूद लोगों की ओर इशारा करते हुए यह भी कहा कि हर कोई मोबाइल से उन्हें रिकॉर्ड कर रहा है। उनके इस अंदाज ने पूरे माहौल को हल्का-फुल्का और मजेदार बना दिया।
पत्नी मृदुला के साथ पंकज की बॉन्डिंग
पंकज त्रिपाठी और मृदुला त्रिपाठी की शादी को दो दशक से ज्यादा समय हो चुका है। दोनों आमतौर पर अपनी निजी जिंदगी को मीडिया की सुर्खियों से दूर रखते हैं। हालांकि, पंकज कई मौकों पर अपने करियर में पत्नी के योगदान और उनके समर्थन के बारे में बात कर चुके हैं।
फिल्म इंडस्ट्री में शुरुआती दौर में पंकज ने काफी संघर्ष किया। थिएटर से शुरुआत करने के बाद उन्होंने मुंबई में अपनी पहचान बनाने के लिए लंबे समय तक मेहनत की। धीरे-धीरे उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपनी अलग जगह बनाई और आज उन्हें इंडस्ट्री के सबसे भरोसेमंद कलाकारों में गिना जाता है।
‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ से मिली अलग पहचान
पंकज त्रिपाठी ने ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘मसान’, ‘न्यूटन’, ‘स्त्री’, ‘मिमी’ और ‘कागज’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। उनकी खासियत यह रही है कि वह छोटे से छोटे किरदार में भी अपनी सहज एक्टिंग और ह्यूमर के जरिए जान डाल देते हैं।
समय के साथ पंकज ने गंभीर और डार्क किरदारों के अलावा कॉमेडी और पारिवारिक भूमिकाओं में भी खुद को साबित किया है। पिता और आम आदमी के किरदारों में उनकी सहज अदाकारी दर्शकों को काफी पसंद आती है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ में फिर दिखेंगे कालीन भैया
वर्कफ्रंट की बात करें तो पंकज त्रिपाठी जल्द ही अपने लोकप्रिय किरदार कालीन भैया के रूप में वापसी करते नजर आएंगे। वह ‘मिर्जापुर द मूवी’ में इस चर्चित किरदार को दोबारा निभा रहे हैं।
इसके अलावा अभिनेता अपने होम प्रोडक्शन ‘लाइलाज’ के साथ थिएटर में भी वापसी कर चुके हैं। ऐसे में पंकज त्रिपाठी के फैंस के लिए आने वाला समय काफी दिलचस्प रहने वाला है।


