Pakistan Fuel Price: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान में आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई कीमतें शुक्रवार से लागू हो गई हैं।
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के हवाले से न्यूज एजेंसी ANI ने बताया कि पेट्रोलियम डिवीजन की ओर से जारी नोटिफिकेशन के बाद ईंधन के नए दाम लागू किए गए हैं।
पाकिस्तान में कितना महंगा हुआ पेट्रोल और डीजल?
पेट्रोलियम डिवीजन के नोटिफिकेशन के मुताबिक, पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत में 0.45 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इस इजाफे के बाद अब पाकिस्तान में पेट्रोल का दाम बढ़कर 325.43 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गया है।
वहीं, हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 1.16 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद डीजल का नया भाव 383.95 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
सरकार पेट्रोल और डीजल पर भारी टैक्स भी वसूल रही है। मौजूदा समय में पाकिस्तान में पेट्रोल पर करीब 114 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर करीब 100 रुपये प्रति लीटर टैक्स और ड्यूटी लगाई जा रही है।
कच्चे तेल की कीमतों और तनाव का असर
पाकिस्तान में ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव तथा पश्चिम एशिया की स्थिति ने वैश्विक तेल बाजार पर दबाव बढ़ाया है।
इससे पहले मार्च की शुरुआत में पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत करीब 266 रुपये प्रति लीटर थी, जो बढ़ते-बढ़ते 3 अप्रैल को 458.41 रुपये प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी।
इसी तरह डीजल की कीमत भी 28 फरवरी के बाद बढ़कर 3 अप्रैल को 520.35 रुपये प्रति लीटर के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई थी। हालांकि, मौजूदा कीमतें उस रिकॉर्ड ऊंचाई से काफी नीचे हैं।
अब रोज तय होंगी पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतें
पाकिस्तान सरकार ने ईंधन कीमतों में बड़ा बदलाव करते हुए अब इन्हें रोजाना तय करने का फैसला किया है। पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने घोषणा की थी कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में होने वाले बदलाव के आधार पर रोजाना नए दाम तय किए जाएंगे।
केंद्रीय कैबिनेट और प्रधानमंत्री ने यह जिम्मेदारी ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) को सौंप दी है।
हालांकि, इस फैसले का ऑल पाकिस्तान डीलर्स एसोसिएशन ने विरोध किया है। संगठन का कहना है कि रोजाना कीमतों में बदलाव से पेट्रोल पंप संचालकों और आम उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है।
पहले साप्ताहिक आधार पर होती थी समीक्षा
इससे पहले पाकिस्तान सरकार ईंधन की कीमतों की समीक्षा हर सप्ताह करती थी। तेल आपूर्ति में संभावित बाधाओं को देखते हुए सरकार ने ईंधन बचाने के उपाय भी लागू किए थे।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर पाकिस्तान की आम जनता पर पड़ रहा है, जहां पहले से ही महंगाई और आर्थिक दबाव बड़ी चुनौती बने हुए हैं।


