भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। जापान के आईची-नागोया में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में मौजूदा एशियाई चैंपियन चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद देशभर से खिलाड़ियों को बधाइयां मिल रही हैं।
भारतीय महिला हॉकी टीम की इस सफलता पर ओडिशा सरकार ने भी बड़ा पुरस्कार देने का एलान किया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को ₹11 लाख और सपोर्टिंग स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹5.5 लाख का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने टीम को दी बधाई
#WATCH पुरी(ओडिशा): रेत कलाकार मानस कुमार साहू ने भारतीय महिला हॉकी टीम को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई देते हुए रेत कलाकृति बनाई। pic.twitter.com/GlO6cw3Uo3
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 3, 2026 मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भारतीय महिला हॉकी टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प, मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से पूरे देश को गर्व हुआ है।
ओडिशा सरकार लंबे समय से भारतीय हॉकी के साथ जुड़ी रही है और हॉकी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्तरों पर सहयोग करती रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भारतीय हॉकी के साथ मजबूती से खड़ी है और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
44 साल बाद एशियन गेम्स में महिला हॉकी का गोल्ड
भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए यह स्वर्ण पदक खास महत्व रखता है। भारत ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में महिला हॉकी का गोल्ड मेडल जीता है।
फाइनल मुकाबले में दुनिया की आठवें नंबर की भारतीय टीम का सामना चौथे नंबर की चीन की टीम से हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने मुकाबले में शानदार रक्षात्मक खेल दिखाया और 1-0 की जीत के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में इससे पहले 1982 में दिल्ली में आयोजित एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। उस समय महिला हॉकी को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया था। इसके बाद भारतीय टीम 1998 और 2018 में फाइनल तक पहुंची, लेकिन दोनों मौकों पर उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
1998 के फाइनल में भारत को दक्षिण कोरिया और 2018 के फाइनल में जापान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में 2026 में चीन को हराकर जीता गया स्वर्ण पदक भारतीय महिला हॉकी के लिए लंबे इंतजार के बाद मिली बड़ी उपलब्धि है।
रेत कलाकार मानस कुमार साहू ने भी दी बधाई
भारतीय महिला हॉकी टीम की इस उपलब्धि का जश्न ओडिशा में भी देखने को मिला। प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मानस कुमार साहू ने रेत पर भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ियों की कलाकृति बनाकर टीम को बधाई दी।
इस कलाकृति में महिला हॉकी खिलाड़ियों को दर्शाया गया है। मानस कुमार साहू ने इसके जरिए भारतीय टीम की उपलब्धि को सलाम किया और लिखा- “भारतीय हॉकी की रानियों को सलाम।”
टीम की जीत के बाद सोशल मीडिया पर भी खिलाड़ियों को बधाई देने का सिलसिला जारी है। एशियन गेम्स में 44 साल बाद महिला हॉकी का स्वर्ण पदक भारतीय हॉकी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया है।
Source: जागरण की रिपोर्ट पर आधारित


