Dadasaheb Phalke Award Winners List 2026: दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स 2026 में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों को सम्मानित किया गया है। अमेरिकी पॉप सिंगर टेलर स्विफ्ट को ‘इंटरनेशनल आर्टिस्ट ऑफ द ईयर’ चुना गया, जबकि ऑस्कर विजेता अभिनेता माइकल बी. जॉर्डन, फिल्म निर्माता पॉल थॉमस एंडरसन और निर्देशक जेम्स कैमरून को भी अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान मिला है। भारतीय कलाकारों में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, कमल हासन, समय रैना और आर्यन खान समेत कई नाम शामिल हैं।
नई दिल्ली। दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स 2026 की विजेताओं की सूची में इस बार भारतीय सिनेमा, टेलीविजन, वेब सीरीज और अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियों को जगह मिली है। फिल्म ‘धुरंधर’ को बेस्ट फिल्म का पुरस्कार दिया गया, जबकि इसी फिल्म में दमदार अभिनय के लिए रणवीर सिंह को बेस्ट एक्टर चुना गया।
वहीं, फिल्म ‘सैयारा’ की अभिनेत्री अनीत पड्डा ने बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार अपने नाम किया। इस फिल्म के गाने को भी सॉन्ग ऑफ द ईयर का सम्मान मिला। भारतीय कॉमेडियन समय रैना को कॉमेडियन ऑफ द ईयर चुना गया है। आइए जानते हैं कि इस साल किस कलाकार और फिल्म को कौन-सा पुरस्कार मिला है।
टेलर स्विफ्ट से जेम्स कैमरून तक, अंतरराष्ट्रीय सितारों को मिला सम्मान
इस साल के पुरस्कारों में अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल हैं। अमेरिकी सिंगर टेलर स्विफ्ट को इंटरनेशनल आर्टिस्ट ऑफ द ईयर का खिताब दिया गया है।
इसके अलावा निर्देशक जेम्स कैमरून को ग्लोबल सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। माइकल बी. जॉर्डन को फिल्म ‘सिनर्स’ में अभिनय के लिए इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया। वहीं, पॉल थॉमस एंडरसन को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय निर्देशक का पुरस्कार मिला।
फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ को सर्वश्रेष्ठ इंटरनेशनल फीचर फिल्म का सम्मान दिया गया है।
‘धुरंधर’ और ‘सैयारा’ का रहा जलवा
भारतीय फिल्मों की बात करें तो ‘धुरंधर’ और ‘सैयारा’ ने पुरस्कारों की सूची में खास जगह बनाई है। ‘धुरंधर’ को बेस्ट फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि रणवीर सिंह को इसी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया।
फिल्म निर्माता आदित्य धर, ज्योति देशपांडे और लोकेश धर को सर्वश्रेष्ठ निर्माता का सम्मान दिया गया। आदित्य धर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक भी चुना गया है। वहीं, अक्षय खन्ना को फिल्म ‘धुरंधर’ में उनके अभिनय के लिए सम्मानित किया गया।
दूसरी ओर, ‘सैयारा’ में अपनी भूमिका के लिए अनीत पड्डा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। फिल्म के गाने को सॉन्ग ऑफ द ईयर चुना गया, जबकि फहीम अब्दुल्ला को इसी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का सम्मान मिला।
वेब सीरीज और टेलीविजन की दुनिया के विजेता
डिजिटल मनोरंजन और टेलीविजन की दुनिया से भी कई कलाकारों को पुरस्कार मिले हैं। शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को वेब सीरीज ‘द बैडस ऑफ बॉलीवुड’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया। इस सीरीज को बेस्ट वेब सीरीज का पुरस्कार भी मिला।
वेब सीरीज ‘पाताल लोक’ में अभिनय के लिए जयदीप अहलावत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान दिया गया, जबकि ‘दिल्ली क्राइम 3’ के लिए शेफाली शाह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया।
टेलीविजन की लोकप्रिय सीरीज ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ को टेलीविजन सीरीज ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिला। वहीं, ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के लिए स्मृति ईरानी को अभिनय के लिए सम्मानित किया गया।
Dadasaheb Phalke Award 2026: पूरी विजेताओं की लिस्ट
| कलाकार/फिल्म | पुरस्कार की श्रेणी |
|---|---|
| टेलर स्विफ्ट | इंटरनेशनल आर्टिस्ट ऑफ द ईयर |
| जेम्स कैमरून | ग्लोबल सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान |
| माइकल बी. जॉर्डन | सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय अभिनेता (सिनर्स) |
| पॉल थॉमस एंडरसन | सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय निर्देशक |
| अवतार: फायर एंड ऐश | सर्वश्रेष्ठ इंटरनेशनल फीचर फिल्म |
| समय रैना | कॉमेडियन ऑफ द ईयर |
| कमल हासन | फिल्म उद्योग में उत्कृष्ट योगदान |
| स्मृति ईरानी | अभिनय के लिए सम्मान (क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2) |
| आर्यन खान | सर्वश्रेष्ठ निर्देशक (वेब सीरीज) |
| अक्षय खन्ना | अभिनय के लिए सम्मान (धुरंधर) |
| तारक मेहता का उल्टा चश्मा | टेलीविजन सीरीज ऑफ द ईयर |
| धुरंधर | सर्वश्रेष्ठ फिल्म |
| आदित्य धर, ज्योति देशपांडे और लोकेश धर | सर्वश्रेष्ठ निर्माता |
| रणवीर सिंह | सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (धुरंधर) |
| अनीत पड्डा | सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (सैयारा) |
| इलयाराजा | संगीत उद्योग में उत्कृष्ट योगदान |
| कांतारा: चैप्टर 1 | क्रिटिक्स की सर्वश्रेष्ठ फिल्म |
| ऋषभ शेट्टी | क्रिटिक्स के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता |
| यामी गौतम धर | क्रिटिक्स की सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री |
| आदित्य धर | सर्वश्रेष्ठ निर्देशक |
| विनीत कुमार सिंह | सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता |
| रितेश देशमुख | सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता |
| करण औजला | आर्टिस्ट ऑफ द ईयर |
| सैयारा | सॉन्ग ऑफ द ईयर |
| फहीम अब्दुल्ला | सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक (सैयारा) |
| द बैडस ऑफ बॉलीवुड | सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज |
| जयदीप अहलावत | वेब सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पाताल लोक) |
| शेफाली शाह | वेब सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (दिल्ली क्राइम 3) |
क्या है दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल?
दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल एक निजी तौर पर आयोजित फिल्म फेस्टिवल और पुरस्कार मंच है। इसका नाम भारतीय सिनेमा के जनक माने जाने वाले दादा साहब फाल्के के नाम पर रखा गया है।
यह मंच फिल्मों, टेलीविजन, संगीत और डिजिटल मनोरंजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित करता है। इसके पुरस्कारों में भारतीय मनोरंजन जगत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की उपलब्धियों को भी जगह दी जाती है।


