Ahaan Panday: बॉलीवुड एक्टर अहान पांडे की बहन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अलाना पांडे जल्द ही दूसरी बार मां बनने वाली हैं। अलाना पांडे ने अपने पति आइवर मैकक्रे के साथ सोशल मीडिया पर यह खुशखबरी शेयर की है। कपल ने एक प्यारा वीडियो पोस्ट करते हुए अपने दूसरे बच्चे के आने का ऐलान किया। इस खबर के सामने आते ही परिवार और दोस्तों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
अलाना की कजिन और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने भी इस खुशखबरी पर अपना प्यार जताया। उन्होंने अलाना की पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए रेड हार्ट और नजर से बचाने वाले इमोजी के जरिए अपनी खुशी जाहिर की।
अलाना पांडे ने दिखाई बेबी बंप की झलक
शनिवार को अलाना पांडे ने इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह हॉल्टर-नेक ड्रेस पहने हुए अपने बेटे रिवर के साथ एक खूबसूरत बगीचे में घूमती नजर आईं। बैकग्राउंड में एक महल जैसा शानदार नजारा भी दिखाई दिया।
वीडियो में कुछ देर बाद अलाना के पति आइवर मैकक्रे भी उनके साथ नजर आते हैं। आइवर अपने बेटे रिवर को गोद में उठा लेते हैं। इसके बाद अलाना कैमरे के सामने अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती हैं और प्यार से उसे सहलाती हुई नजर आती हैं।
इस खास पल में रिवर भी अपनी मां को प्यार से गले लगाता दिखाई देता है। वहीं आइवर भी अलाना के बेबी बंप पर प्यार लुटाते नजर आए। कपल ने अपने आने वाले बच्चे की सोनोग्राफी की तस्वीर भी शेयर की है।
अलाना ने इस वीडियो के साथ बेहद प्यारा कैप्शन लिखा, “प्यार करने के लिए एक और सदस्य।” वहीं सोनोग्राफी की तस्वीर के साथ उन्होंने “जल्द आ रहा है” लिखा।
दूसरी बार नानी बनेंगी डीन पांडे
अलाना की दूसरी प्रेग्नेंसी की खबर सामने आने के बाद उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है। उनकी मां डीन पांडे ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, “दूसरी बार नानी बन रही हूं। भगवान तुम पर कृपा बनाए रखे।”
अलाना और आइवर को सोशल मीडिया पर भी कई सेलेब्स ने बधाई दी। अलीजेह अग्निहोत्री, मृणाल ठाकुर और आलिया कश्यप समेत कई लोगों ने कपल की पोस्ट पर शुभकामनाएं दीं।
आइवर मैकक्रे ने भी इस मौके पर मजेदार अंदाज में लिखा कि रिवर अब बड़ा भाई बन गया है। वहीं अनन्या पांडे ने अलाना की प्रेग्नेंसी अनाउंसमेंट वाली पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और कई रेड हार्ट इमोजी के साथ अपनी खुशी जाहिर की।
2024 में बेटे रिवर का हुआ था जन्म
अलाना पांडे और आइवर मैकक्रे पहले से एक बेटे के माता-पिता हैं। दोनों ने 2024 में अपने बेटे रिवर का स्वागत किया था। पहली बार माता-पिता बनने के अनुभव के बारे में बात करते हुए अलाना ने बताया था कि परिवार शुरू करने के बाद जिंदगी में काफी बदलाव आता है।
अलाना ने अपने एक वीडियो में पेरेंटहुड के अनुभव को शानदार बताया था। उनका कहना था कि कोई भी चीज इंसान को उस बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार नहीं कर सकती, जो परिवार शुरू करने के बाद जिंदगी में आता है। उनके मुताबिक, माता-पिता बनने के बाद जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं और इंसान अपने बारे में और अपनी क्षमताओं के बारे में बहुत कुछ सीखता है।
अलाना ने यह भी कहा था कि माता-पिता बनना जिंदगी की सबसे अच्छी चीजों में से एक है और अपने परिवार के लिए उनके मन में जितना प्यार है, वह उनकी कल्पना से भी कहीं ज्यादा है।
कौन हैं अलाना पांडे और आइवर मैकक्रे?
अलाना पांडे, चंकी पांडे के भाई चिक्की पांडे और फिटनेस इंस्ट्रक्टर डीन पांडे की बेटी हैं। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। अलाना फैशन, लाइफस्टाइल और अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं।
अलाना ने करण जौहर के प्रोडक्शन से जुड़े रियलिटी शो ‘द ट्राइब’ के जरिए स्क्रीन पर डेब्यू किया था। यह शो 2024 में प्राइम वीडियो पर रिलीज हुआ था। शो में अलाना के अलावा अल्फिया जाफरी, आर्याना गांधी, सृष्टि पोरे और अलाविआ जाफरी भी नजर आई थीं।
मार्च 2023 में हुई थी अलाना और आइवर की शादी
अलाना पांडे ने मार्च 2023 में मुंबई में आइवर मैकक्रे के साथ शादी की थी। दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी का फैसला किया था। उनकी शादी में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल हुए थे।
शादी समारोह में अनन्या पांडे और चंकी पांडे के अलावा रेखा, शाहरुख खान, जैकी श्रॉफ, बॉबी देओल, नीलम कोठारी, महिमा चौधरी और तुषार कपूर समेत कई सेलिब्रिटीज नजर आए थे।
अब पहले बच्चे रिवर के बड़े भाई बनने और परिवार में नए सदस्य के आने की खबर से पांडे परिवार में एक बार फिर जश्न का माहौल है। अलाना और आइवर की इस खुशखबरी पर उनके फैंस भी सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।


