नई दिल्ली। फेस्टिव सीजन से पहले भारतीय टेक मार्केट में अफोर्डेबल डिवाइसेस की एंट्री तेज हो गई है। इसी कड़ी में Ai+ ने भारत में अपना नया Pulse 2 FE स्मार्टफोन लॉन्च किया है। इसके साथ कंपनी ने NovaTab और Nova LapTab 5G टैबलेट भी पेश किए हैं। कंपनी की नई डिवाइस रेंज में 50MP कैमरे वाला स्मार्टफोन, 5G कनेक्टिविटी वाले टैबलेट और 10,000mAh तक की बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स मिलते हैं।
Ai+ Pulse 2 FE को 6.67 इंच की डिस्प्ले और MediaTek Helio G81 प्रोसेसर के साथ पेश किया गया है। वहीं NovaTab में 11.97 इंच का 90Hz डिस्प्ले और 8,000mAh बैटरी दी गई है। कंपनी का प्रीमियम मॉडल Nova LapTab 5G 13.2 इंच की 2.4K डिस्प्ले और 10,000mAh की बैटरी के साथ आता है।
Ai+ Pulse 2 FE, NovaTab और Nova LapTab 5G की कीमत

Ai+ Pulse 2 FE को 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वाले वेरिएंट में 9,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है। फोन को Black, Blue, Green और Purple कलर में खरीदा जा सकेगा।
Ai+ NovaTab के 6GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 17,999 रुपये है, जबकि इसके 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 20,999 रुपये रखी गई है। टैबलेट Dark Blue और Cinnamon Brown कलर में उपलब्ध होगा।
वहीं Ai+ Nova LapTab 5G को 8GB रैम और 128GB स्टोरेज के सिंगल वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसकी कीमत 24,999 रुपये है। यह टैब Teal Green और Dark Blue कलर में आएगा।
कंपनी के मुताबिक, इन तीनों डिवाइसेस की बिक्री 7 अक्टूबर से शुरू होगी। बताई गई कीमतों में बैंक ऑफर भी शामिल हैं।
Ai+ Pulse 2 FE के स्पेसिफिकेशन्स
Ai+ Pulse 2 FE में 6.67 इंच की HD+ डिस्प्ले दी गई है। परफॉर्मेंस के लिए फोन में MediaTek Helio G81 प्रोसेसर और Mali-G52 MC2 GPU मिलता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह स्मार्टफोन Android 16 आधारित nxtQ OS पर काम करता है।
फोटोग्राफी के लिए फोन में AI-पावर्ड डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसका मुख्य कैमरा 50 मेगापिक्सल का है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।
फोन को IP64 रेटिंग के साथ पेश किया गया है। इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर भी दिया गया है। पावर बैकअप के लिए 5,000mAh की बैटरी मिलती है, जो 18W चार्जिंग सपोर्ट करती है।
Ai+ NovaTab में 5G कनेक्टिविटी और 8000mAh बैटरी
Ai+ NovaTab में 11.97 इंच का डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिफ्रेश रेट 90Hz है। टैबलेट को ऑक्टा-कोर T760 चिपसेट और Arm Mali-G57 MC4 GPU के साथ लॉन्च किया गया है। इसमें 8GB तक रैम और 128GB की बिल्ट-इन स्टोरेज मिलती है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो NovaTab में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G और Wi-Fi सपोर्ट मिलता है।
टैबलेट में डुअल स्टीरियो स्पीकर दिए गए हैं। बैटरी की बात करें तो इसमें 8,000mAh की बैटरी मिलती है, जो 18W चार्जिंग सपोर्ट करती है।
Nova LapTab 5G में 2.4K डिस्प्ले और 10000mAh बैटरी
Ai+ Nova LapTab 5G कंपनी की नई टैबलेट सीरीज का बड़ा मॉडल है। इसमें 13.2 इंच की 2.4K रेजोल्यूशन वाली डिस्प्ले दी गई है। इसका आस्पेक्ट रेश्यो 3:2 और रिफ्रेश रेट 90Hz है। डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 450 निट्स बताई गई है।
परफॉर्मेंस के लिए टैबलेट में MediaTek MT8755 प्रोसेसर दिया गया है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 16 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।
Nova LapTab में क्वाड स्पीकर सेटअप और 5G कनेक्टिविटी दी गई है। खास बात यह है कि इसमें स्टायलस का सपोर्ट मिलता है और यूजर्स इसे फिजिकल कीबोर्ड से भी कनेक्ट कर सकते हैं। इस वजह से टैबलेट को पढ़ाई, नोट्स बनाने और सामान्य प्रोडक्टिविटी जैसे कामों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
पावर बैकअप के लिए इसमें 10,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 33W चार्जिंग सपोर्ट करती है। NovaTab और Nova LapTab दोनों ही Android 16 आधारित nxtQ OS पर चलते हैं।
9,999 रुपये से शुरू होती है नई Ai+ डिवाइस रेंज
Ai+ की नई डिवाइस रेंज में कंपनी ने अलग-अलग बजट और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्मार्टफोन और टैबलेट पेश किए हैं। Pulse 2 FE कम कीमत में 50MP कैमरा और 5,000mAh बैटरी के साथ आता है, जबकि NovaTab 5G कनेक्टिविटी और 8,000mAh बैटरी देता है। Nova LapTab 5G में सबसे बड़ी 10,000mAh बैटरी के साथ 13.2 इंच की 2.4K डिस्प्ले मिलती है। इन डिवाइसेस की बिक्री 7 अक्टूबर से शुरू होगी।


