Ai+ NovaTab 5G Review: भारतीय टेक ब्रांड Ai+ ने बजट टैबलेट सेगमेंट में अपनी नई पेशकश NovaTab 5G के साथ दस्तक दी है। करीब 21,999 रुपये की कीमत में आने वाला यह टैबलेट 5G कनेक्टिविटी, 8GB रैम और 128GB स्टोरेज जैसे फीचर्स के साथ आता है। कंपनी ने इसे खासतौर पर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया है, जिन्हें पढ़ाई, ऑनलाइन मीटिंग, एंटरटेनमेंट और रोजमर्रा के कामों के लिए एक किफायती टैबलेट चाहिए।
करीब तीन हफ्तों तक इस्तेमाल करने के बाद Ai+ NovaTab 5G को लेकर हमारा अनुभव मिला-जुला लेकिन काफी हद तक सकारात्मक रहा। इसमें दिया गया Unisoc T760 प्रोसेसर सामान्य इस्तेमाल और मीडियम गेमिंग के लिए अच्छा प्रदर्शन करता है। इसकी 8,000mAh बैटरी भी लंबा बैकअप देने में सक्षम है। इसके अलावा टैबलेट का डिजाइन, बॉक्स में मिलने वाला फोलियो केस और स्टायलस सपोर्ट इसे इस कीमत पर एक दिलचस्प विकल्प बनाते हैं।
हालांकि, इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट वाले डिस्प्ले की कमी महसूस होती है। ऐसे में सवाल है कि क्या करीब 22 हजार रुपये खर्च करके Ai+ NovaTab 5G खरीदना समझदारी होगी? आइए इसके डिजाइन, डिस्प्ले, परफॉर्मेंस, कैमरा और बैटरी समेत सभी पहलुओं को विस्तार से समझते हैं।

Ai+ NovaTab 5G की 5 बड़ी खूबियां
Ai+ NovaTab 5G को इस्तेमाल करने के दौरान इसकी कुछ खूबियां खास तौर पर प्रभावित करती हैं।
- 5G कनेक्टिविटी: इस कीमत पर 5G सपोर्ट मिलना इसकी सबसे बड़ी खासियत है। यूजर्स को हर समय Wi-Fi या मोबाइल हॉटस्पॉट पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ती।
- अच्छी परफॉर्मेंस: Unisoc T760 प्रोसेसर सामान्य इस्तेमाल, मल्टीटास्किंग और मीडियम गेमिंग के दौरान अच्छा अनुभव देता है।
- दमदार बैटरी: इसमें 8,000mAh की बैटरी दी गई है, जो सामान्य इस्तेमाल में एक दिन से ज्यादा चल सकती है।
- स्टायलस सपोर्ट: टैबलेट स्टायलस को सपोर्ट करता है। हालांकि, इसे बॉक्स में शामिल नहीं किया गया है और इसके लिए अलग से खर्च करना पड़ सकता है।
- फोलियो केस: कंपनी बॉक्स में कवर और फोलियो केस देती है। इससे टैबलेट को सुरक्षा मिलती है और इसे स्टैंड की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
Ai+ NovaTab 5G की सबसे बड़ी कमी क्या है?

इस टैबलेट में 11.97 इंच का WUXGA+ डिस्प्ले मिलता है। इसका बड़ा स्क्रीन साइज वीडियो देखने, ऑनलाइन पढ़ाई करने और दस्तावेजों पर काम करने के लिए अच्छा है। डिस्प्ले की क्वालिटी भी सामान्य इस्तेमाल के लिहाज से ठीक है।
हालांकि, इसकी सबसे बड़ी कमी 120Hz रिफ्रेश रेट का न होना है। आजकल इस कीमत के आसपास आने वाले कुछ डिवाइस में ज्यादा रिफ्रेश रेट वाले डिस्प्ले देखने को मिल जाते हैं। ऐसे में अगर कंपनी इसमें 120Hz पैनल देती तो स्क्रॉलिंग, गेमिंग और ऐप्स के बीच स्विच करने का अनुभव ज्यादा स्मूद हो सकता था।
इसके अलावा, डिस्प्ले के आसपास दिए गए बेजल्स भी थोड़े मोटे महसूस होते हैं। हालांकि, सामान्य इस्तेमाल में यह कोई बड़ी परेशानी नहीं पैदा करते।
Ai+ NovaTab 5G का डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी

बजट टैबलेट खरीदते समय अक्सर डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी के मामले में समझौता करना पड़ता है। लेकिन Ai+ NovaTab 5G इस मामले में निराश नहीं करता। कंपनी ने बॉक्स में चार्जिंग केबल, चार्जर, कवर और फोलियो केस दिया है। इस कीमत पर एक्सेसरीज का इतना अच्छा पैकेज मिलना एक सकारात्मक पहलू है।
रिव्यू के लिए हमें इसका डार्क ब्लू कलर वेरिएंट मिला। बड़े डिस्प्ले के बावजूद टैबलेट हाथ में ज्यादा भारी महसूस नहीं होता। हमने इसे पूरे तीन हफ्तों तक कवर और फोलियो केस के साथ इस्तेमाल किया। फोलियो केस की बिल्ड क्वालिटी अच्छी है और इसे दो अलग-अलग फोल्ड में मोड़कर टैबलेट को स्टैंड की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसका एक व्यावहारिक अनुभव भी रहा। टैबलेट को बच्चों के इस्तेमाल के दौरान भी आजमाया गया। इस दौरान यह कई बार हाथ से फिसला, लेकिन कवर और फोलियो केस ने इसे सुरक्षित रखने में मदद की। हालांकि, किसी भी टैबलेट को गिरने से बचाना ही बेहतर है।
Ai+ NovaTab 5G की परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर

Ai+ NovaTab 5G में Unisoc T760 ऑक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है। यही चिपसेट इसे 5G कनेक्टिविटी की सुविधा भी देता है। आमतौर पर Unisoc प्रोसेसर को एंट्री-लेवल डिवाइस से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन इस टैबलेट का इस्तेमाल करने पर परफॉर्मेंस उम्मीद से बेहतर महसूस हुई।
रोजमर्रा के कामों में टैबलेट लैग या हैंग नहीं करता। एक साथ करीब 10 ऐप्स खुले होने पर भी मल्टीटास्किंग का अनुभव संतोषजनक रहा। सोशल मीडिया ब्राउजिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन मीटिंग और सामान्य गेमिंग जैसे काम यह आसानी से कर लेता है।
मीडियम गेमिंग के दौरान भी इसका प्रदर्शन ठीक रहा और इस्तेमाल के दौरान ज्यादा हीटिंग की समस्या महसूस नहीं हुई। हालांकि, इसे हैवी गेमिंग के लिए डिजाइन किया गया डिवाइस नहीं माना जाना चाहिए।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो इसमें Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम मिलता है। इसका इंटरफेस काफी हद तक क्लीन एंड्रॉयड अनुभव देता है। इसमें अनावश्यक ऐप्स भी बहुत कम देखने को मिलते हैं, जिससे यूजर एक्सपीरियंस बेहतर रहता है।
Ai+ NovaTab 5G का कैमरा कैसा है?
टैबलेट में पीछे की तरफ 13 मेगापिक्सल का कैमरा और फ्रंट में 8 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। टैबलेट के लिहाज से दोनों कैमरे सामान्य इस्तेमाल के लिए ठीक हैं।
फ्रंट कैमरा ऑनलाइन क्लास, वीडियो कॉल और ऑफिस मीटिंग के दौरान काम आता है। वहीं, रियर कैमरे से दस्तावेजों की तस्वीरें लेने और सामान्य फोटोग्राफी जैसे काम किए जा सकते हैं।
हालांकि, कैमरा क्वालिटी के मामले में इसे स्मार्टफोन का विकल्प नहीं माना जा सकता। लेकिन टैबलेट के सामान्य उपयोग के लिए इसका कैमरा सेटअप पर्याप्त है।
Ai+ NovaTab 5G की बैटरी कितनी चलती है?
इस टैबलेट की सबसे प्रभावशाली खूबियों में से एक इसकी 8,000mAh बैटरी है। शुरुआत में हमें लगा था कि इस क्षमता की बैटरी बड़े डिस्प्ले वाले टैबलेट में शायद पूरे दिन का बैकअप नहीं दे पाएगी। लेकिन तीन हफ्तों के इस्तेमाल में बैटरी का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा।
सामान्य इस्तेमाल में यह टैबलेट एक दिन से ज्यादा चल सकता है। अगर आप दिनभर में करीब 8 से 10 घंटे इसका इस्तेमाल करते हैं, जिसमें थोड़ी गेमिंग, वीडियो कॉल, सोशल मीडिया ब्राउजिंग और OTT प्लेटफॉर्म पर वीडियो देखना शामिल है, तब भी इसकी बैटरी संतोषजनक बैकअप देती है।
हालांकि, हैवी इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को दिन के अंत तक इसे चार्ज करने की जरूरत पड़ सकती है। कुल मिलाकर बैटरी लाइफ इस टैबलेट का मजबूत पक्ष है।
क्या आपको Ai+ NovaTab 5G खरीदना चाहिए?
करीब 21,999 रुपये की कीमत में Ai+ NovaTab 5G उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प बन सकता है, जिन्हें 5G कनेक्टिविटी के साथ एक बजट टैबलेट चाहिए। इसकी 8GB रैम, 128GB स्टोरेज, 8,000mAh बैटरी और संतोषजनक परफॉर्मेंस इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए उपयोगी बनाती है।
ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले स्टूडेंट्स, वीडियो देखने वाले यूजर्स और ऑनलाइन मीटिंग के लिए टैबलेट तलाश रहे लोगों को यह पसंद आ सकता है। स्टायलस सपोर्ट और बॉक्स में मिलने वाला फोलियो केस भी इसकी उपयोगिता बढ़ाते हैं।
हालांकि, अगर आपकी प्राथमिकता 120Hz डिस्प्ले, प्रीमियम गेमिंग या बेहतर मल्टीमीडिया अनुभव है तो खरीदने से पहले दूसरे विकल्पों पर भी विचार करना चाहिए।
हमारा फैसला: Ai+ NovaTab 5G एक ऐसा बजट टैबलेट है, जो 5G कनेक्टिविटी, अच्छी बैटरी और संतोषजनक परफॉर्मेंस के दम पर अपनी जगह बनाता है। डिस्प्ले में 120Hz रिफ्रेश रेट की कमी जरूर खलती है, लेकिन सामान्य इस्तेमाल के लिए करीब 22 हजार रुपये की कीमत में यह एक विचार करने लायक विकल्प है।


