अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने विजाग पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड (VPTL) का किया अधिग्रहण, आंध्र प्रदेश में ट्रांसमिशन और ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स को मिलेगा बढ़ावा
नई दिल्ली। अदाणी ग्रुप ने पावर सेक्टर में अपना विस्तार जारी रखते हुए एक और बड़ा अधिग्रहण किया है। अरबपति गौतम अदाणी के नेतृत्व वाले ग्रुप की कंपनी अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) ने विजाग पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड (VPTL) में 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली है। यह कदम कंपनी की आंध्र प्रदेश में बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क और ग्रीन एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।
हाल ही में दिवालिया प्रक्रिया से गुजर रही जेपी एसोसिएट्स (JP Associates) के अधिग्रहण को लेकर चर्चा में रहे अदाणी ग्रुप ने अब पावर ट्रांसमिशन सेक्टर में अपनी मौजूदगी और मजबूत करने की दिशा में यह कदम उठाया है।
AESL ने REC पावर के साथ किया शेयर खरीद समझौता
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड ने बताया कि उसने REC पावर डेवलपमेंट एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (RECPDCL) के साथ शेयर खरीद समझौता (SPA) किया है। इस समझौते के तहत VPTL के सभी इक्विटी शेयर खरीद लिए गए हैं।
कंपनी के अनुसार, यह समझौता 14 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे पूरा किया गया। इस अधिग्रहण के जरिए AESL आंध्र प्रदेश में करीब 8,500 करोड़ रुपये के ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
क्या करती है विजाग पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड?
विजाग पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड (VPTL) एक इलेक्ट्रिक यूटिलिटी कंपनी और पावर ट्रांसमिशन सर्विस प्रोवाइडर है। कंपनी का उद्देश्य बिजली ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना और बड़े ऊर्जा प्रोजेक्ट्स को बिजली कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।
VPTL को खासतौर पर विजाग क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट्स के लिए बिजली आपूर्ति और इंटीग्रेशन को आसान बनाने के लिए विकसित किया गया है।
कंपनी के मुताबिक, यह ट्रांसमिशन सिस्टम करीब 4,500 मेगावाट (MW) तक की अनुमानित बिजली मांग को पूरा करने में सक्षम होगा।
ग्रीन एनर्जी सेक्टर पर अदाणी की नजर
अदाणी ग्रुप लगातार रिन्यूएबल एनर्जी, पावर ट्रांसमिशन और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ा रहा है। VPTL का अधिग्रहण भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
AESL ने कहा कि वह ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक दोनों तरीकों से अपने कारोबार का विस्तार कर शेयरधोल्डर्स के लिए वैल्यू बढ़ाने पर फोकस कर रही है।
अधिग्रहण पूरा, नहीं लेनी पड़ी अतिरिक्त मंजूरी
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने जानकारी दी कि VPTL का अधिग्रहण पूरा हो चुका है और इसके लिए किसी अतिरिक्त सरकारी या रेगुलेटरी मंजूरी की जरूरत नहीं पड़ी।
इस सौदे में नकद भुगतान किया गया है। कंपनी के इक्विटी शेयर 10 रुपये प्रति शेयर की फेस वैल्यू पर खरीदे गए हैं।
नई कंपनी है VPTL
विजाग पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड को भारत में इसी साल शामिल किया गया था। कंपनी का रजिस्ट्रेशन 16 फरवरी 2026 को रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज, नई दिल्ली के पास हुआ था।
चूंकि कंपनी नई है, इसलिए इसके लिए पिछले तीन वर्षों का टर्नओवर इतिहास उपलब्ध नहीं है।
अदाणी ग्रुप का पावर सेक्टर में बढ़ता दबदबा
अदाणी ग्रुप पहले से ही बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में बड़ा खिलाड़ी है। VPTL जैसे अधिग्रहण से कंपनी की ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ेगी और देश में तेजी से बढ़ रही ग्रीन एनर्जी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।


