Hanuman Ansh Singer Sunil Lodhi: सागर के छोटे से गांव से निकलकर अपनी आवाज से पहचान बनाने वाले दृष्टिबाधित बुंदेली गायक सुनील लोधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की। सीएम ने उन्हें 1 लाख रुपये की सम्मान निधि देने के साथ संगीत की पढ़ाई और आंखों के इलाज में सरकारी मदद का भरोसा दिया।
भोपाल/सागर: मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड की लोक संस्कृति और भक्ति संगीत को अपनी आवाज से नई पहचान दिलाने वाले गायक सुनील लोधी इन दिनों चर्चा में हैं। फिल्म ‘हनुमान अंश’ में उनके गाए बुंदेली भक्ति गीत लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। दृष्टिबाधित सुनील लोधी की प्रतिभा से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनसे मुलाकात की और उनके भविष्य को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सुनील लोधी को उनके गीतों के लिए 1 लाख रुपये की सम्मान निधि दी गई। सीएम ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली और मेहनती कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए सरकार हर संभव सहयोग देगी।
गांव में तंबूरा लेकर गाते थे सुनील लोधी
आज भोपाल निवास में सागर जिले के प्रतिभाशाली युवा बुंदेली गायक श्री सुनील लोधी जी एवं उनके माता-पिता का सम्मान किया।
फिल्म 'हनुमान अंश' में उनके लोकप्रिय गीत ने जन-जन को भाव-विभोर किया है। उन्हें ₹1 लाख की सम्मान निधि दी जाएगी। श्री लोधी की आंखों की रोशनी लाने के लिए जांच भी… pic.twitter.com/sBAaQ1xXiX
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 3, 2026 सुनील लोधी की कहानी बेहद प्रेरणादायक है। सागर जिले के एक छोटे से गांव आगरा में वे तंबूरा लेकर भक्ति गीत गाया करते थे। उनकी आवाज में ऐसी मिठास और भक्ति थी कि गांव के लोग उनके आसपास जुट जाते थे।
धीरे-धीरे उनके गाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और उनकी आवाज गांव की सीमाओं से निकलकर दूर तक पहुंच गई। इसके बाद उन्हें फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बुंदेली भाषा के गीत गाने का मौका मिला।
फिल्म के लिए मुंबई के स्टूडियो में उनकी आवाज रिकॉर्ड की गई। इसके बाद सुनील लोधी की आवाज देशभर में लोगों तक पहुंची और उनके गाए बुंदेली भक्ति गीत चर्चा में आ गए।
‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ हुआ लोकप्रिय
फिल्म ‘हनुमान अंश’ में सुनील लोधी का गाया बुंदेली गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ खास तौर पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात के दौरान भी सुनील ने तंबूरा बजाते हुए यही गीत गाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी गायकी की सराहना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
आंखों की रोशनी के इलाज में भी मिलेगी मदद
सुनील लोधी की गायकी के साथ-साथ उनकी आंखों की रोशनी का इलाज भी इस मुलाकात का अहम विषय रहा। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि आंखों के उपचार के लिए आवश्यक सरकारी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
सीएम ने सुनील के माता-पिता से भी बातचीत की और उनका सम्मान किया। सरकार की ओर से मिले इस भरोसे से सुनील और उनका परिवार काफी खुश नजर आया।
संगीत की पढ़ाई के लिए भी सरकारी सहायता
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि अच्छे और मेहनती कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर दिए जाएंगे। उन्होंने सुनील लोधी को संगीत स्कूल से औपचारिक संगीत पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए सरकारी सहायता देने की बात भी कही।
इससे सुनील को अपनी प्रतिभा को और निखारने का मौका मिलेगा। लोक और बुंदेली संगीत से जुड़े कलाकारों के लिए भी यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
CM से मिले सम्मान के बाद परिवार में खुशी
मुख्यमंत्री से मुलाकात और सरकारी सहयोग के आश्वासन के बाद सुनील लोधी और उनके परिवार ने आभार जताया। गांव से शुरू हुआ उनका सफर अब फिल्मी दुनिया तक पहुंच चुका है।
सुनील लोधी की कहानी इस बात की मिसाल है कि प्रतिभा और मेहनत को सही मंच मिल जाए तो छोटे से गांव की आवाज भी देशभर में पहचान बना सकती है। अब उनके प्रशंसकों को उम्मीद है कि सरकारी सहयोग से उनके इलाज के साथ-साथ संगीत के सफर को भी नई दिशा मिलेगी।


