Aditi Sharma: टीवी अभिनेत्री अदिति शर्मा ने अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास और ननद के खिलाफ घरेलू हिंसा, मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, इस मामले में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पति और ससुराल वालों के खिलाफ दर्ज हुई FIR
‘कलीरें’, ‘रब से है दुआ’ और ‘अपोलोना-सपनों की ऊंची उड़ान’ जैसे टीवी शोज़ में काम कर चुकीं अदिति शर्मा ने 31 जुलाई 2026 को गोरेगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, FIR में उन्होंने अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक (65 वर्ष) और ननद कीर्ति कौशिक (29 वर्ष) पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज तथा चरित्र हनन जैसे आरोप लगाए हैं।
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
FIR के अनुसार आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें पति या रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता, विश्वासघात और जानबूझकर अपमान करने से संबंधित धाराएं शामिल हैं। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के गहने लौटाने से किया इनकार
अदिति शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी सास ने शादी के समय मिले सोने के गहने, मंगलसूत्र, हीरे की अंगूठी, चेन, चूड़ियां और अन्य आभूषण अपने पास रख लिए। कई बार मांगने के बावजूद उन्हें वापस नहीं किया गया।
2021 में हुई थी पहली मुलाकात
पुलिस को दिए बयान के अनुसार, अदिति शर्मा और अभिनीत विद्यानंद कौशिक की पहली मुलाकात जून 2021 में एक ऑनलाइन एक्टिंग कोर्स के दौरान हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और सितंबर 2024 में दोनों गोरेगांव वेस्ट के एक किराए के फ्लैट में साथ रहने लगे। इसके बाद 12 नवंबर 2024 को दोनों परिवारों की सहमति से विवाह हुआ।
शादी के बाद बदल गया पति का व्यवहार
अदिति का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उनके पति का व्यवहार बदलने लगा। छोटी-छोटी बातों, कपड़ों और घरेलू मामलों को लेकर अक्सर विवाद होने लगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि घर का खर्च उठाने के बजाय उनके पति उनसे पैसों की मांग करते थे।
कॉफी को लेकर विवाद के बाद बढ़ा तनाव
शिकायत के मुताबिक, 1 जनवरी 2025 को कॉफी को लेकर हुआ विवाद हिंसा में बदल गया। इसके बाद पति को उन पर शक होने लगा और उन्होंने कथित तौर पर उनके चरित्र पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। अदिति का कहना है कि उनके पति उनका मोबाइल फोन चेक करते थे और बाद में उनके साथ एक ही कमरे में सोना भी बंद कर दिया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब भी दोनों के बीच झगड़ा होता था, उनके पति अपनी मां और बहन को बुला लेते थे। अदिति के अनुसार, समस्या सुलझाने के बजाय उन्हें ताने दिए जाते थे, जिससे उनकी मानसिक स्थिति और खराब होती गई।
मार्च 2025 में भी सामने आया था विवाद
इस दंपति के रिश्तों को लेकर इससे पहले भी विवाद सामने आ चुका है। मार्च 2025 में अभिनीत विद्यानंद कौशिक ने आरोप लगाया था कि अदिति शर्मा का उनके टीवी शो ‘अपोलोना’ के सह-कलाकार समर्थ्य गुप्ता के साथ कथित विवाहेतर संबंध है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि अदिति तलाक समझौते के लिए 25 लाख रुपये की मांग कर रही थीं और शादी को “मॉक ट्रायल” बता रही थीं।
हालांकि, अदिति शर्मा ने उस समय इन आरोपों पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। अब उन्होंने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस जांच जारी
गोरेगांव पुलिस स्टेशन की असिस्टेंट इंस्पेक्टर अमिता मराठे इस मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही आरोपियों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।
नोट: यह मामला वर्तमान में जांच के अधीन है। समाचार में शामिल आरोप शिकायत और FIR में दर्ज दावों पर आधारित हैं। आरोपियों का पक्ष या अदालत का अंतिम निर्णय अभी सामने नहीं आया है।


