Yash: साउथ सुपरस्टार यश की अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता है। फिल्म की रिलीज जैसे-जैसे करीब आ रही है, इससे जुड़े गाने और सीन्स भी चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में फिल्म का कियारा आडवाणी पर फिल्माया गया गाना ‘तबाही’ रिलीज हुआ, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने गाने के विजुअल्स की तुलना यहां तक कि कंडोम ऐड से कर दी।
अब यश ने इस ट्रोलिंग पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और बेहद मजेदार अंदाज में आलोचकों को जवाब दिया है।
‘कंडोम ऐड करना है तो पैसे लेकर करूंगा’
यश हाल ही में ‘आप की अदालत’ में पहुंचे थे, जहां उनसे ‘टॉक्सिक’ के गाने ‘तबाही’ को लेकर हो रही आलोचना के बारे में सवाल किया गया। जब उनसे गाने की तुलना कंडोम ऐड से किए जाने पर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो एक्टर ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया।
यश ने कहा, “अगर कॉन्डम ऐड करना है, तो पैसे लेकर करूंगा। ऐसे मुफ़्त में नहीं करूंगा…”
यश का यह जवाब सुनकर शो में मौजूद दर्शक ठहाके लगाने लगे। एक्टर ने जिस हल्के-फुल्के अंदाज में सोशल मीडिया ट्रोलिंग का जवाब दिया, वह भी चर्चा का विषय बन गया।
इंटीमेट सीन्स पर भी यश ने रखी अपनी बात
‘तबाही’ के अलावा ‘टॉक्सिक’ में दिखाए गए इंटीमेट सीन्स को लेकर भी सोशल मीडिया पर सवाल उठे हैं। फिल्म में बोल्डनेस को लेकर हो रही आलोचना पर यश ने स्पष्ट किया कि फिल्म में अश्लीलता को बढ़ावा देने की कोशिश नहीं की गई है।
एक्टर ने कहा कि अश्लीलता गलत है और उन्होंने फिल्म में किस तक नहीं किया है। उनके मुताबिक, फिल्म में एक सीमा का ध्यान रखा गया है। यश ने यह भी कहा कि किसी सीन को किस तरह से फिल्माया जाता है, यह काफी मायने रखता है और आकर्षक तरीके से फिल्माया गया दृश्य ही बाद में सिनेमा के प्रभाव का हिस्सा बनता है।
उनके मुताबिक, एक रचनाकार की अपनी आवाज होती है और फिल्म में किसी दृश्य को प्रस्तुत करने का तरीका उसी रचनात्मक सोच का हिस्सा है।
Gen-Z के सवालों पर आधारित है ‘टॉक्सिक’
यश ने फिल्म की कहानी और उसके विषय को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि ‘टॉक्सिक’ Gen-Z को ध्यान में रखकर बनाई गई फिल्म है। फिल्म में उन सवालों और बातचीत को जगह दी गई है, जो युवा अपनी जिंदगी, परिवार और समाज को लेकर करते हैं।
एक्टर के मुताबिक, युवा अक्सर यह सवाल करते हैं कि कुछ चीजों के लिए नियम आखिर क्यों तय किए गए हैं और किसी काम को उसी तरह करना जरूरी क्यों है। फिल्म इसी तरह के सवालों और विचारों को अपने केंद्र में रखती है।
इस वजह से यश का मानना है कि ‘टॉक्सिक’ सिर्फ एक सामान्य एक्शन या एंटरटेनमेंट फिल्म नहीं है, बल्कि इसमें नई पीढ़ी की सोच और उनके सवालों को भी दिखाने की कोशिश की गई है।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को गीतु मोहनदास ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म को अंग्रेजी और कन्नड़ भाषाओं में एक साथ शूट किया गया है, जबकि इसका हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम में डब वर्जन भी रिलीज किया जाएगा।
केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी बज बना हुआ है और अब ‘तबाही’ गाने पर यश के जवाब ने इसकी चर्चा और बढ़ा दी है।


